नारायणपुर के 39 लाभुकों ने तीन माह से नहीं लिया अनाज

रामगढ़ प्रखंड की बरमसिया पंचायत अंतर्गत नारायणपुर गांव में सुदर्शन यादव पर जन वितरण प्रणाली की दुकान के संचालन में मनमानी का आरोप लगा है। सुदर्शन यादव एवं उनके परिवार के लोगों की कार्यप्रणाली से खिन्न होकर गांव के 39 लाभुकों ने अक्टूबर माह से यहां से किसी प्रकार का अनाज नहीं लिया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Dec 2020 07:48 PM (IST) Updated:Tue, 22 Dec 2020 07:48 PM (IST)
नारायणपुर के 39 लाभुकों ने तीन माह से नहीं लिया अनाज
नारायणपुर के 39 लाभुकों ने तीन माह से नहीं लिया अनाज

संवाद सहयोगी, रामगढ़: रामगढ़ प्रखंड की बरमसिया पंचायत अंतर्गत नारायणपुर गांव में सुदर्शन यादव पर जन वितरण प्रणाली की दुकान के संचालन में मनमानी का आरोप लगा है। सुदर्शन यादव एवं उनके परिवार के लोगों की कार्यप्रणाली से खिन्न होकर गांव के 39 लाभुकों ने अक्टूबर माह से यहां से किसी प्रकार का अनाज नहीं लिया है। इसके कारण कई लाभुकों के समक्ष खाने की विकट स्थिति भी उत्पन्न हो रही है।

लाभुकों का कहना है कि वे आलाधिकारी के पास दुकान बदलने की फरियाद लगाकर थक चुके हैं। लाभुक बासुदेव महतो, निमी देवी, सागर यादव, केली देवी, रेखा देवी, आशा देवी, बसंती देवी, जयंती देवी, जाग यादव, कुलदेव कुंवर, कुलिया देवी, पिकी देवी, फुलकुमारी देवी समेत अन्य ने बताया कि जन वितरण प्रणाली दुकानदार सुदर्शन यादव हमलोगों के साथ दु‌र्व्यवहार करता है। प्रति माह कम अनाज दिया जाता है। बीते वर्ष 2019 में उसने लाभुक सुस्ता देवी, निमी देवी, आशा देवी, केली देवी, रमनी देवी, सागर यादव, जाग यादव, सुगनी देवी को छह माह से अनाज नहीं दिया था। इसी पर लाभुकों ने उपायुक्त से इसकी शिकायत की थी। इसके बाद तत्कालीन प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रामेश्वर झा ने मामले की जांच की थी। इसमें डीलर को दोषी पाया गया था।

इसके बाद जनवरी माह में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सुदर्शन यादव की दुकान को निलंबित कर दिया था और सभी लाभुकों को गरडी गांव में सुभाष देहरी के यहां टैग कर दिया गया। सुभाष यादव के पास लाभुकों ने अनाज लेना प्रारंभ भी कर दिया, लेकिन सितंबर में सुदर्शन यादव ने फिर अपनी दुकान चालू करवा ली। इसके बाद अक्टूबर माह से सभी लाभुकों का आवंटन पुन: सुदर्शन यादव के पास भेजा जाने लगा। लोगों का कहना है के अब उसका मनोबल बढ़ चुका है। विरोध स्वरूप लोगों ने अक्टूबर माह से उसकी दुकान से अनाज लेना बंद कर दिया। लाभुकों ने आरोप लगाया कि गांव के 39 लाभुक अक्टूबर माह से उसके पास से अनाज नहीं ले रहे हैं, इसके बाद भी प्रतिमाह उसकी दुकान पर सभी का आवंटन भेजा जा रहा है।

--------------------

मुझे इस मामले की जानकारी नहीं है। यदि लाभुक तीन माह से अनाज नहीं ले रहे हैं और दुकान पर प्रतिमाह अनाज भेजा जा रहा है तो यह जांच का विषय है। पूरे मामले की जांच की जाएगी। संबंधित डीलर पर कार्रवाई एवं सभी लाभुकों को दूसरे दुकान पर टैग करने के लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी को लिखा जाएगा।

रामाकांत मिश्रा, प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, रामगढ़।

chat bot
आपका साथी