झरिया के अवैध गन फैक्ट्री संचालक से ताल्लुक रखने वाला भाजपा नेता पुलिस हिरासत में

हमीदनगर स्थित घर के तहखाने में चल रही मिनी गन फैक्ट्री में सारी सुविधाएं मौजूद थीं। तहखाने में जाने के लिए क्लैंप लगाए गए थे।

By mritunjayEdited By: Publish:Sun, 17 Mar 2019 11:17 AM (IST) Updated:Sun, 17 Mar 2019 11:17 AM (IST)
झरिया के अवैध गन फैक्ट्री संचालक से ताल्लुक रखने वाला भाजपा नेता पुलिस हिरासत में
झरिया के अवैध गन फैक्ट्री संचालक से ताल्लुक रखने वाला भाजपा नेता पुलिस हिरासत में

धनबाद, जेएनएन। झरिया होरलाडीह मार्ग के किनारे हमीद नगर में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री पर छापेमारी के बाद झरिया पुलिस ने सिंदरी के भाजपा नेता शैलेश सिंह और जनता मजदूर संघ (जमसं) के सिंदरी विधानसभा अध्यक्ष गौरव वक्ष को हिरासत में लिया है।

[भाजपा नेता शैलेश सिंह]

सूत्रों के अनुसार, अवैध हथियार बनाने वाले गैंग ने सिंदरी के शैलेश सिंह और गौरव वक्ष द्वारा अवैध रूप से 25-25 पिस्तौल खरीदे जाने की जानकारी पुलिस को दी थी। सिंदरी थाना प्रभारी राजकपूर ने बताया कि झरिया पुलिस ने पूछताछ के लिए दोनों नेताओं को हिरासत में लिया है। अवैध हथियार खरीदने के मामले की पुष्टि होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

[जमसं के सिंदरी विधानसभा अध्यक्ष गौरव वक्ष]

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के पहले झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में शांति बाधित करने की अपराधियों की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई। शनिवार को झरिया के होरलाडीह हमीद नगर में एसएसपी किशोर कौशल के नेतृत्व में अवैध हथियार बनाने का कारखाना पकड़ा गया। यहां 100 से अधिक तैयार और अर्धनिर्मित हथियार जब्त किए गए हैं। पुलिस ने वासेपुर के आरिफ एवं सागिर समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। 

बताते हैं कि पुलिस को हमीद नगर में अवैध हथियार बनाने के कारखाने की सूचना मिली थी। उसके बाद पुलिस ने अपने मुखबिर को हथियार खरीदने के लिए भेजा। मुखबिर ने हथियार खरीदा और कारखाने के बारे में सारी जानकारी भी हासिल की। शनिवार की रात एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम होरलाडीह के हामिद नगर मुहल्ले में पहुंची और वहां एक घर में छापेमारी की। यहां  से मोहम्मद आरिफ को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हामिद नगर में ही सागिर नामक व्यक्ति के घर में चल रही मिनी पिस्टल फैक्ट्री पर छापा मारा। यहां घर के अंदर तहखाना बनाया गया था। तहखाने में हथियार बनाने का काम चल रहा था। यह इतने गोपनीय तरीके से चल रहा था कि किसी को भी भनक नहीं लगी।  स्थानीय लोगों का कहना था कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। पुलिस की कार्रवाई के बाद उन्हें पता चला कि इस घर में मिनी गन फैक्ट्री थी। पुलिस ने तहखाने में हथियार बनाने के कई औजार जब्त किये। तहखाने को कब्जे में ले लिया गया है। 

तहखाने में लगे थे एग्जॉस्ट फैन : हमीदनगर स्थित घर के तहखाने में चल रही मिनी गन फैक्ट्री में सारी सुविधाएं मौजूद थीं। तहखाने में जाने के लिए क्लैंप लगाए गए थे, जिसके सहारे कोई भी व्यक्ति आसानी से तहखाने में जा सकता था और वहां से निकल सकता है। तहखाने में दो एग्जॉस्ट फैन लगाए गए थे, ताकि अंदर लोगों को सांस लेने में परेशानी न हो। रोशनी के लिए कई एलईडी बल्ब लगाए गए थे। इसके अलावा वहां अन्य कई सुविधाएं भी मौजूद थीं। 

स्थानीय लोगों ने साधी चुप्पी : होरलाडीह के जिस क्षेत्र में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ, वह रिहायशी इलाका है। घनी आबादी होने के बावजूद स्थानीय लोगों को मिनी गन फैक्ट्री होने का इल्म क्यों नहीं हुआ, यह चौंकाने वाली बात है।

chat bot
आपका साथी