इंसाफ के लिए सड़क पर उतरी बेटियों ने पूछा- महिला सुरक्षा को क्यों नहीं बनाया चुनावी मुद्दा Dhanbad News

महिला सुरक्षा को लेकर BBMKU की छात्राएं सड़क पर उतर गई। छात्राओं ने कहा कि अभी चुनावी मौसम है। सारे नेता कई वादे कर रहे हैं पर किसी के एजेंडे में महिला सुरक्षा नहीं है ऐसा क्यों?

By Sagar SinghEdited By: Publish:Thu, 05 Dec 2019 06:55 PM (IST) Updated:Thu, 05 Dec 2019 06:55 PM (IST)
इंसाफ के लिए सड़क पर उतरी बेटियों ने पूछा- महिला सुरक्षा को क्यों नहीं बनाया चुनावी मुद्दा Dhanbad News
इंसाफ के लिए सड़क पर उतरी बेटियों ने पूछा- महिला सुरक्षा को क्यों नहीं बनाया चुनावी मुद्दा Dhanbad News

धनबाद, जेएनएन। हमें शाम पांच बजे से पहले घर घुस जाने को कहा जाता है। लड़के देर रात तक सड़कों पर अकेले घूमते हैं। हमारे साथ दूसरी कई पाबंदियां लगाई जाती हैं। महिला सुरक्षा के नाम पर आखिर हमारे साथ यह पक्षपात कब तक होता रहेगा। अभी चुनावी मौसम है। सारे नेता कई वादे कर रहे हैं, पर किसी के एजेंडे में महिला सुरक्षा नहीं है, ऐसा क्यों?

यह सवाल था विनोद बिहारी महतो कोयलांचल यूनिवर्सिटी की छात्राओं का। हैदराबाद, बिहार और अब उत्तरप्रदेश में महिला के साथ हुई हैवानियत के विरोध में छात्राएं गुरुवार को सड़क पर उतरी थी। पॉलिटेक्निक स्थित यूनिवर्सिटी से रणधीर वर्मा चौक तक छात्राओं ने पैदल मार्च किया। आक्रोशित छात्राओं ने कहा कि जब कश्मीर पर तुरंत फैसला हो सकता है तो फिर रेपिस्ट के खिलाफ कार्रवाई में इतनी देर क्यों हो रही है।

छात्राओं का कहना है कि कार्रवाई में देर होने के कारण ही उनका मनोबल बढ़ रहा है और हमें घरों में कैद होने की नसीहत दी जा रही है। इस दौरान छात्राओं ने धनबाद में महिलाओं की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए। छात्राएं हाथों में पोस्टर व तख्त ली हुई थी, जिसपर नेताओं के लिए व्यंग लिखा था। छात्राओं के समर्थन में काफी संख्या में छात्र भी इस विरोध मार्च में शामिल हुए थे।

इधर हैदराबाद, बिहार और अब उत्तरप्रदेश की पीड़िता को इंसाफ दिलाने के लिए धनबाद में अधिवक्ताओं ने भी प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने पशु चिकित्सक और यूपी के उन्नाव में गैंगरेप पीड़िता को जिंदा जलाने जैसी अपराधिक घटना को लेकर आक्रोश मार्च निकाला। आक्रोश मार्च में शामिल हुई छात्राओं ने आरोपी को जल्द से जल्द फांसी देने की मांग की।

बता दें कि हैदराबाद में महिला पशु चिकित्सक को दुष्कर्म के बाद जला कर मारा दिया गया था। इस घटना के बाद पूरे देश में सनसनी फैल गई। बिहार के बक्सर में भी एक नवविवाहिता का जला हुआ शव बरामद हुआ था। वहीं, यूपी के उन्नाव में गैंगरेप पीड़िता को जिंदा जलाने का मामला गुरुवार को सामने आया है, जिसे लेकर पूरे देश में आक्रोश है।

chat bot
आपका साथी