हे भगवान! पुलिस आपके घर की भी नहीं कर पा रही सुरक्षा

चोरों ने केंदुआ बरमसिया दुर्गा मंदिर से मां दुर्गा के सोने की नथिया, सोने की मांगटीका, सोने की कान की बाली, दान पेटी और पीतल की घंटी लेकर फरार हो गए।

By mritunjayEdited By: Publish:Mon, 18 Feb 2019 12:02 PM (IST) Updated:Mon, 18 Feb 2019 12:02 PM (IST)
हे भगवान! पुलिस आपके घर की भी नहीं कर पा रही सुरक्षा
हे भगवान! पुलिस आपके घर की भी नहीं कर पा रही सुरक्षा

धनबाद, जेएनएन। एक ही रात क्षेत्र के तीन दुर्गा मंदिरों को चोरों ने अपना निशाना बनाया है। दो मंदिरों से चोरों ने देवी-देवताओं की मूर्तियों पर चढ़ाए गए आभूषणों की चोरी कर ली, जबकि एक अन्य मंदिर का दान पेटी तोडऩे का प्रयास किया। घटना से आक्रोशित लोगों ने संदेह के आधार पर केंदुआ, करकेंद और गोपालीचक के तीन युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। 

चोरों ने केंदुआ बरमसिया दुर्गा मंदिर से मां दुर्गा के सोने की नथिया, सोने की मांगटीका, सोने की कान की बाली, दान पेटी और पीतल की घंटी लेकर फरार हो गए, जबकि छाताटांड़ स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर से 12 किलो वजन की पीतल की घंटी की चोरी की है। वहीं, तीसरे दुर्गा मंदिर में मुख्य गेट के पास लगे दान पेटी को चोर ले जाने का प्रयास किया। सुबह होने पर लोगों को घटना की जानकारी हुई तो वे आक्रोशित हो गए और संदेह के आधार पर तीन युवकों को पकड़कर हनुमानगढ़ ले आए और पूछताछ शुरू कर दी। इस दौरान इन तीनों की जमकर पिटाई भी की गई। 

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। बता दें कि बरमसिया दुर्गा मंदिर में पिछले डेढ माह से कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि शुक्रवार की सुबह चार बजे के लगभग एक संदिग्ध युवक को बरमसिया दुर्गा मंदिर के निकट से गुजरते देखा है। संदिग्ध युवक पतला लाल जैकेट के ऊपर शॉल ओढ़े हुए था। सार्वजनिक दुर्गा मंदिर केंदुआ छाताटांड़ बाजार के पास ही पार्षद प्रतिनिधि गोविंद राउत का कार्यालय और घर है। पुलिस को गोबिंद राउत ने बताया कि शनिवार रात तीन बजे अचानक दुर्गा मंदिर की घंटी बजने लगी। इस पर वे दरवाजा खोलकर बाहर निकले और मंदिर के तरफ  गये, पर उन्होंने बाहर किसी को नहीं देखा। उस समय तक मंदिर की घंटी थी, लेकिन चोरों ने बाद में घंटी की चोरी कर ली।

पुलिस की गश्ती पर उठ रहे सवाल : घटना की जानकारी मिलने पर केंदुआडीह थाना प्रभारी वीर कुमार ने अपने दल बल के साथ पहुंच कर छानबीन की। इस दुर्गा मंदिर के पुनरुद्धार कार्य का शिलान्यास विधायक ढुलू महतो ने डेढ़ माह पूर्व किया था। वीर कुमार ने बताया कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ में मंदिर में चोरी की हुई घटना के संबंध कोई जानकारी नहीं मिली है। मंदिर में चोरी की घटना को लेकर केंदुआ हनुमानगढ़ी के चंदन कुमार ताम्रकार की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ  मामला दर्ज किया गया है। इधर, एक ही रात तीन मंदिरों में चोरी की घटना से पुलिस की गश्ती पर सवाल उठने लगा है। 

chat bot
आपका साथी