विस चुनाव के कारण लटकीं 1500 करोड़ की योजनाएं, 600 करोड़ की लागत से बनना है 100 किमी स्मार्ट सड़क Dhanbad News

सूबे में आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण धनबाद में 600 करोड़ की लागत से 100 किमी स्मार्ट सड़क निर्माण और 3.7 किमी का मटकुरिया से आरा मोड़ फ्लाईओवर का काम लटक गया।

By Sagar SinghEdited By: Publish:Mon, 04 Nov 2019 07:44 PM (IST) Updated:Mon, 04 Nov 2019 07:44 PM (IST)
विस चुनाव के कारण लटकीं 1500 करोड़ की योजनाएं, 600 करोड़ की लागत से बनना है 100 किमी स्मार्ट सड़क Dhanbad News
विस चुनाव के कारण लटकीं 1500 करोड़ की योजनाएं, 600 करोड़ की लागत से बनना है 100 किमी स्मार्ट सड़क Dhanbad News

धनबाद, जेएनएन। सूबे में चुनावी की घोषणा होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गया। इसी के साथ कई प्रस्तावित योजनाएं भी लटक गईं। अब नई सरकार के गठन के बाद ही नई योजनाओं पर काम होगा। जो योजनाएं पहले से चल रही हैं उनका काम जारी रहेगी।

नगर निगम की 1500 करोड़ की प्रस्तावित योजनाएं लटक गईं हैं। नई सरकार के गठन और टेंडर होने तक इन योजनाओं पर काम नहीं हो सकेगा। अब नए साल में ही इन योजनाओं पर काम शुरू हो सकेगा। आचार संहिता के कारण रुकने वाली योजनाओं में सबसे महत्वपूर्ण 600 करोड़ की लागत से बनने वाली 100 किमी स्मार्ट सड़क निर्माण और 256 करोड़ की सीवरेज-ड्रेनेज सिस्टम योजना है।

इसके अलावा बहुप्रतीक्षित मटकुरिया से आरा मोड़ फ्लाईओवर है। इसपर 121 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मटकुरिया फ्लाईओवर का तो पांच बार टेंडर किया गया, लेकिन किसी भी एजेंसी ने अभी तक काम लेने में दिलचस्पी नहीं दिखाई है। होरलाडीह में प्रस्तावित 1500 प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना भी लटक गया है। बैंक मोड़ के निगम कार्यालय में बनने वाला मार्केट कांप्लेक्स, विभिन्न वार्डों में सड़क व नाली निर्माण भी रुक गया है।

ये योजनाएं लटकी

600 करोड़ की लागत से 100 किमी स्मार्ट सड़क निर्माण। 256 करोड़ की सीवरेज-ड्रेनेज सिस्टम समेत अन्य योजनाएं। बरटांड़ में गुजरात की तर्ज पर 257 करोड़ का बस टर्मिनस। 121 करोड़ की लागत से बनने मटकुरिया से आरा मोड़ तक 3.7 किमी का फ्लाईओवर। ढाई करोड़ की लागत से 16 जगह पर ट्रैफिक लाइट योजना। 15 करोड़ की लागत से पुराना बाजार झरिया पुल से धनबाद रेलवे स्टेशन दक्षिणी छोर तक प्रस्तावित सड़क। 92 करोड़ की लागत से होरलाडीह में बनने वाला प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना। विभिन्न वार्डों में लगभग 100 करोड़ की सड़क-नाली निर्माण कार्य।


मेयर चंद्र शेखर अग्रवाल ने कहा कि बड़ी योजनाओं का टेंडर हो चुका है, कईयों का तो काम भी जारी है। सीवरेज-ड्रेनेज, बस टर्मिनस, होरलाडीह आवास और मटकुरिया फ्लाईओवर सरीखीं कुछ बड़ी योजनाएं हैं जो चुनाव खत्म होने के बाद शुरू होंगी।

chat bot
आपका साथी