Jharkhand Panchayat Chunav 2022: ज‍िप अध्‍यक्ष का मुकाबला हुआ रोमांचक, भाजपा को भेदने के ल‍िए चक्रव्यूह तैयार

पंचायत चुनाव का दो चरण पूरा हो चुका है। अभी और तीन चरण का चुनाव होना बाकी है। दो चरण के चुनाव के साथ अधिसूचना जारी हो गई है कि धनबाद जिला परिषद अध्यक्ष की कुर्सी सामान्य महिला के लिए आरक्षित होगी।

By Atul SinghEdited By: Publish:Sat, 21 May 2022 12:59 PM (IST) Updated:Sat, 21 May 2022 01:12 PM (IST)
Jharkhand Panchayat Chunav 2022: ज‍िप अध्‍यक्ष का मुकाबला हुआ रोमांचक, भाजपा को भेदने के ल‍िए चक्रव्यूह तैयार
पंचायत चुनाव का दो चरण पूरा हो चुका है। अभी और तीन चरण का चुनाव होना बाकी है।

दिलीप सिन्हा, धनबाद : पंचायत चुनाव का दो चरण पूरा हो चुका है। अभी और तीन चरण का चुनाव होना बाकी है। दो चरण के चुनाव के साथ अधिसूचना जारी हो गई है कि धनबाद जिला परिषद अध्यक्ष की कुर्सी सामान्य महिला के लिए आरक्षित होगी। दो चरण के चुनाव के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि जिप अध्यक्ष की लड़ाई यहां भाजपा बनाम गैर भाजपा के बीच होगी। कारण, 29 सीटों वाली जिला परिषद में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर भाजपा का आना लगभग तय है। पूरे जिला परिषद में देखें तो भाजपा का मुख्य मुकाबला झामुमो से ही होगा। भाजपा को अध्यक्ष की कुर्सी से रोकने के लिए यहां झामुमो, कांग्रेस, मासस एवं आजसू एक साथ आ सकती है। इन राजनीतिक पार्टियों का गठजोड़ तैयार करने की कोशिश अभी से ही शुरू हो चुकी है।

राजनीति के दिग्गजों ने समीकरण बनाना शुरू कर दिया है। भाजपा की ओर से कमान पार्टी के बाघमारा विधायक ढुलू महतो एवं यूपीए की ओर से कमान प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष व बाघमारा के पूर्व विधायक जलेश्वर महतो संभाल सकते हैं। कारण, जलेश्वर की बहू भी जिप सदस्य का चुनाव महुदा से लड़ रही हैं। वहां दूसरे चरण में चुनाव हो चुका है। अब सिर्फ वोटों की गिनती बाकी है। जलेश्वर की बहू यदि चुनाव जीतती है तो जिप अध्यक्ष के लिए यहां लड़ाई बेहद रोचक होगी।

वैसे जलेश्वर की गाड़ी तभी आगे बढ़ सकती है, जब उन्हें टुंडी के झामुमो विधायक मथुरा प्रसाद महतो का समर्थन मिलेगा। कारण, यह है कि जिप चुनाव में कांग्रेस कोई खास प्रदर्शन करने की स्थिति में नहीं है। गैर भाजपा पार्टियों में सबसे बड़ी पार्टी झामुमो है। ऐसी स्थिति में झामुमो भी अध्यक्ष की कुर्सी पर दावा आसानी से नहीं छोड़ेगा। पश्चिमी टुंडी से जीतीं मीणा हेम्ब्रम का झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन के परिवार के साथ नजदीकी संबंध है। महिला आरक्षित सीट होने के कारण अध्यक्ष के लिए झामुमो मीणा हेम्ब्रम का नाम आगे कर सकता है।

विधानसभा वार जिला परिषद सदस्यों की संख्या

टुंडी विधानसभा क्षेत्र : 8 बाघमारा विधानसभा क्षेत्र : 5 धनबाद विधानसभा क्षेत्र : 1 सिंदरी विधानसभा क्षेत्र : 8 निरसा विधानसभा क्षेत्र : 7

तीन व‍िस में भाजपा का कब्जा

जिला परिषद का चुनाव मुख्य रूप से चार विधानसभा क्षेत्र क्रमश: टुंडी, बाघमारा, सिंदरी एवं निरसा में हो रहा है। इसके अलावा धनबाद विधानसभा क्षेत्र में जिला परिषद की एक सीट के लिए चुनाव हो रहा है। टुंडी, बाघमारा, सिंदरी एवं निरसा विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो इसमें से तीन सीट पर भाजपा का कब्जा है। सिर्फ एक सीट टुंडी झामुमो के खाते में है। टुंडी के अलावा निरसा एवं सिंदरी में झामुमो का प्रभाव है। मासस के पास भले ही विधानसभा की सीट नहीं है, लेकिन सिंदरी एवं निरसा में उसकी मजबूत पकड़ है। इस कारण जिला परिषद की लड़ाई में मासस भी महत्वपूर्ण फैक्टर है।

वर्जन

जिला परिषद के चुनाव में भाजपा सबसे शानदार प्रदर्शन करेगी। पहले चरण में सबसे अधिक भाजपा समर्थित प्रत्याशी चुनाव जीते हैं। सभी चरणों में भाजपा समर्थित प्रत्याशी सबसे अधिक जीतेंगे। जहां तक जिला परिषद अध्यक्ष का सवाल है तो भाजपा समर्थित जिप सदस्य ही अगला अध्यक्ष होगा।

ढुलू महतो, भाजपा विधायक बाघमारा

बाघमारा विधानसभा क्षेत्र की जिला परिषद सीटों पर कांग्रेस मजबूती से लड़ी है। उम्मीद है बेहतर परिणाम आएगा। जिला परिषद अध्यक्ष के सवाल पर बाद में निर्णय लेंगे।

जलेश्वर महतो, कार्यकारी अध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस

chat bot
आपका साथी