Jharkhand Panchayat Chunav 2022: आज शाम थम जाएगा दूसरे चरण के प्रचार का शोर, 19 को होगा मतदान

Jharkhand Panchayat Chunav 2022 जिले में चल रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार का समापन मंगलवार की शाम पांच बजे हो जाएगा। इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी प्रेम कुमार तिवारी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त संदीप सिंह के निर्देश से जरूरी अधिसूचना जारी कर दी है।

By Deepak Kumar PandeyEdited By: Publish:Tue, 17 May 2022 12:40 PM (IST) Updated:Tue, 17 May 2022 12:40 PM (IST)
Jharkhand Panchayat Chunav 2022: आज शाम थम जाएगा दूसरे चरण के प्रचार का शोर, 19 को होगा मतदान
Jharkhand Panchayat Chunav 2022: प्रत्‍याशी आज शाम पांच बजे के बाद किसी भी तरह से अपना प्रचार-प्रसार नहीं कर सकते।

जागरण संवाददाता, धनबाद: जिले में चल रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार का समापन मंगलवार की शाम पांच बजे हो जाएगा। इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी प्रेम कुमार तिवारी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त संदीप सिंह के निर्देश से जरूरी अधिसूचना जारी कर दी है।

अधिसूचना के मुताबिक इन चुनावों में प्रत्याशी के तौर पर अपनी किस्मत आजमा रहे लोग मंगलवार की शाम पांच बजे के बाद किसी भी तरह से अपना प्रचार-प्रसार नहीं कर सकते। इसके लिए वे केवल जन संपर्क का सहारा ले सकते हैं। इस दौरान उनके पास किसी भी तरह की प्रचार सामग्री या पंपलेट, हैंडबिल, पोस्टर या बैनर नहीं होना चाहिए। इन सामग्रियों के साथ प्रचार करने पर ना केवल उनकी उम्मीदवारी रद की जा सकती है, बल्कि चुनावी आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला भी दर्ज कराया जा सकता है। इस चरण में धनबाद सदर तथा बाघमारा प्रखंड में चुनाव होना है। दोनों जगहों पर 19 मई को मतदान किया जाएगा। इसके लिए बनाए गए कुल 786 मतदान केंद्रों पर 2,90,335 मतदाता अपने मताधिकारी का प्रयोग करेंगे। जिनमें 1,54,253 पुरुष, 1,36,081 महिला और एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। कुल मतदान केंद्रों में से 103 सामान्य, 486 संवेदनशील और 197 अतिसंवेदनशील हैं, जो कुल 606 भवनों में बनाए गए हैं। यहां एक भी चलंत बूथ नहीं बनाया गया है।

पदों की बात करें तो बाघमारा प्रखंड में पंचायतों की संख्या राज्य भर में सबसे अधिक है। जहां 61 पंचायतें हैं। वहीं धनबाद में महज 12 पंचायत ही हैं। दोनों प्रखंडों को मिलाकर कुल 1,046 सीटों के लिए निर्वाचन होना है। जिसमें जिला परिषद सदस्य के आठ, पंचायत समिति सदस्य के 79, मुखिया के 73 और वार्ड सदस्य के 786 सीटों के लिए चुनाव होने हैं। इनमें जिला परिषद के दो, पंसस के 18 और वार्ड सदस्य के कुल 349 सीटों के लिए निर्विरोध चुनाव हो चुका है। जबकि करीब तीस सीटों के लिए किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं किया है। इस लिहाज से अब मात्र 647 सीटों के लिए ही निर्वाचन होना है।

chat bot
आपका साथी