एचडीएफसी बैंक घोटाला 35 लाख के पार

चिरकुंडा/निरसा एचडीएफसी चिरकुंडा शाखा में महिला समूह के नाम पर फर्जी लोन को लेकर जैसे-जैसे खुलासे हो रहे हैं वैसे-वैसे घोटाला की राशि बढ़ती जा रही है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 18 Feb 2020 02:30 AM (IST) Updated:Tue, 18 Feb 2020 06:14 AM (IST)
एचडीएफसी बैंक घोटाला 35 लाख के पार
एचडीएफसी बैंक घोटाला 35 लाख के पार

चिरकुंडा/निरसा : एचडीएफसी चिरकुंडा शाखा में महिला समूह के नाम पर फर्जी लोन को लेकर जैसे-जैसे खुलासे हो रहे हैं, वैसे-वैसे घोटाला की राशि बढ़ती जा रही है। अब तक घोटाले की राशि 32.60 लाख थी, जो अब बढ़कर 35 लाख रुपये के पार पहुंच गया है। घोटाले की सूचना मिलने के बाद सोमवार को बरडांग गांव की शीतल महिला स्वयं सहायता समूह, बरबिदिया के दस महिलाएं निरसा प्रखंड के उप प्रमुख अबु अयूब अंसारी एवं पीठाकयारी पंचायत समिति सदस्य गुलाब रविदास के साथ बैंक पहुंची और बैंक प्रबंधक से शिकायत की। उप प्रमुख के साथ आई महिलाओं का कहना था कि उन्होंने बैंक से कभी ऋण नहीं लिया है। बरडांग के महिलाओं का कहना था कि रंगमटिया निवासी नियाज अंसारी ने महिलाओं से ऋण संबंधी कागजात लेकर ऋण दिलाने की बात कही थी। उसने वह कागजात दीपक सिंह को दे दिया। कागजात मांगने के बाद वह बहाने बनाने लगा। इसी बीच पीठाकयारी स्थित फ्यूजन माइक्रो फाइनेंस से लोन चुकता होने के बाद ग्रुप के सभी महिलाओं को मिक्सर मशीन देने की मांग की। लेकिन फाइनेंस कंपनी ने यह कहकर ठुकरा दिया कि आपके ग्रुप को ढाई लाख का ऋण एचडीएफसी बैंक से स्वीकृत हुआ है। इसके बाद महिलाओं ने इसकी सूचना निरसा प्रखंड के उप प्रमुख अबु अयूब अंसारी व पंसस गुलाब रविदास को दी। महिलाओं के साथ इंद्रजीत बाउरी, गणेश कुंभकार, मनोहर बाउरी के साथ बैंक पहुंचे। बैंक पहुंचने पर पता चला कि अभिकर्ता ने प्रतिमा बाउरी, शुभद्रा देवी, पिकी बाउरी, दीपा दास, सारथी बाउरी, माला बाउरी, अनन्या बाउरी, लखिमुनी के नाम से स्वीकृत लोन का पैसा ले लिया है। इधर ग्रुप की महिलाओं ने बैंक में लिखित शिकायत दर्ज कराई। बाद में उप प्रमुख अबु अयूब अंसारी बैंक के कलस्टर प्रमुख प्रवीण कुमार से मिले। उन्होंने महिलाओं को आश्वासन दिया कि 25 फरवरी तक महिला समूह के नाम से स्वीकृत लोन को रद कर दिया जाएगा। वहीं उप प्रमुख ने कहा कि हमलोग 25 फरवरी तक लोन रद होने का इंतजार करेंगे। यदि लोन रद नहीं हुआ तो हमलोग नियाज अंसारी के खिलाफ निरसा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराएंगे। साथ ही बैंक का घेराव किया जाएगा। उसका कहना था कि बैंक कर्मियों के फर्जीवाड़े का दंश महिलाएं क्यों झेलें। वहीं बैंक कर्मियों के कारण समूह की महिलाओं को किसी अन्य बैंक से लोन लेना मुश्किल हो गया है।

chat bot
आपका साथी