एकल फ्यूचर का प्रत्येक सदस्य अगले 100 दिनों तक हर दिन लगाएगा पौधा Dhanbad News
दैनिक जागरण के सर्व धर्म प्रार्थना अभियान से एकल अभियान-एकल फ्यूचर धनबाद की समिति भी जुड़ी। कोरोना में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। इसके बाद कुसुम विहार में बरगद पीपल नीम एवं आम के दस पौधे भी सुरक्षित स्थान पर रोपे।
धनबाद, जेएनएन : दैनिक जागरण के सर्व धर्म प्रार्थना अभियान से एकल अभियान-एकल फ्यूचर धनबाद की समिति भी जुड़ी। कोरोना में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। इसके बाद कुसुम विहार में बरगद, पीपल, नीम एवं आम के दस पौधे भी सुरक्षित स्थान पर रोपे।
एकल फ्यूचर का हौसला बढ़ाने कुसुम विहार निवासी एवं भाजपा के वरिष्ठ सदस्य काजल नाग भी पहुंचे। एकल फ्यूचर के सभी युवाओं ने प्राणवायु एवं भविष्य में फल देने वाले पौधों का नामकरण अपने नाम पर किया और इसकी रक्षा का संकल्प भी लिया। दैनिक जागरण के इस अभियान से जुड़ते हुए पौधारोपण योजना को एक अभियान बनाते हुए एकल फ्यूचर धनबाद ने यह संकल्प भी लिया कि आज से प्रतिदिन एक पौधा समिति के किसी एक सदस्य विभिन्न क्षेत्र में अगले 100 दिनों तक लगाते रहेंगे। जो भी सदस्य पौधा लगाएंगे, वो पौधा उनके नाम पर होगा और उसकी देखरेख भी वही करेंगे। यह कार्यक्रम ग्राम संगठन उत्तर झारखंड सह अध्यक्ष एकल फ्यूचर झारखंड के अध्यक्ष आयुष तिवारी के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर एकल फ्यूचर धनबाद के सचिव अंकित पांडेय, सौरव नाग, प्रशांत कुमार, गुरप्रीत सिंह, अनीश सिंह, सचिन दुबे, हर्षित पांडेय उपस्थित थे।