आज से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ 22 से छायेंगे बादल 23 व 24 को बरसेंगी फुहारें

21 जनवरी से हिमालय में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका असर धनबाद समेत पूरे राज्य में दिखेगा। 22 जनवरी से बादल छाने लगेंगे। 23 और 24 जनवरी को फुहारें बरसेंगी। मौसम विभाग ने आबोहवा में बदलाव से जुड़ी चेतावनी जारी कर दी है।

By Atul SinghEdited By: Publish:Fri, 21 Jan 2022 09:52 AM (IST) Updated:Fri, 21 Jan 2022 09:52 AM (IST)
आज से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ 22 से छायेंगे बादल 23 व 24 को बरसेंगी फुहारें
21 जनवरी से हिमालय में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका असर धनबाद समेत पूरे राज्य में दिखेगा।

जागरण संवाददाता, धनबाद : 21 जनवरी से हिमालय में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका असर धनबाद समेत पूरे राज्य में दिखेगा। 22 जनवरी से बादल छाने लगेंगे। 23 और 24 जनवरी को फुहारें बरसेंगी। मौसम विभाग ने आबोहवा में बदलाव से जुड़ी चेतावनी जारी कर दी है। मौसम केंद्र रांची के विज्ञानी अभिषेक आनंद के मुताबिक 23 और 24 को राज्य के ज्यादातर हिस्से में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।

राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से में भी इस बार ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। धनबाद समेत जामताड़ा, देवघर और पूरा संथाल परगना उत्तर पूर्वी हिस्से में ही है, जहां बादल छाने और बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। 22 जनवरी से बादल छाने के साथ ही रात के तापमान में थोड़ी बढोतरी होगी। 8 डिग्री पर पहुंचा न्यूनतम तापमान धीरे धीरे ऊपर की ओर जाएगा।

इसका एहसास 21 जनवरी से ही होने लगेगा। 21 जनवरी को रात का तापमान 10 डिग्री पर रहने की संभावना है जिससे ठंड का एहसास होगा। इसके बाद इसमें 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। रात के तापमान में बढ़ोतरी से ठंड में थोड़ी कमी आएगी। हालांकि दिनभर बादल छाने की वजह से दिन के तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है। बादल छाने और बारिश होने की वजह से दिन का तापमान 19-20 डिग्री तक पहुंच सकता है। इससे दिन में थोड़ी ज्यादा ठंड लगेगी।

इससे पहले दिसंबर के अंतिम सप्ताह में भी पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आया था और हल्की बारिश हुई थी। पिछले हफ्ते भी पश्चिमी विक्षोभ की वजह से घने बादल छाए रहे थे और हल्की बारिश भी हुई थी। दिन के तापमान में काफी गिरावट भी आ गई थी। इस बार भी मौसम का मिजाज वैसा ही रहेगा। बारिश थमने के बाद भी दो-तीन दिनों तक दिन में देर तक घना कोहरा छाया रहेगा। 26 जनवरी से मौसम एक बार फिर शुष्क होने का अनुमान है।

chat bot
आपका साथी