बरवाअड्डा में दहेज के लिए नवविवाहिता को जलाकर मार डाला

बरवाअड्डा : गुरुवार दोपहर बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मधुगोड़ा गाव में कालाचंद महतो की 19 वर्षी

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 Dec 2018 10:12 PM (IST) Updated:Thu, 13 Dec 2018 10:12 PM (IST)
बरवाअड्डा में दहेज के लिए नवविवाहिता को जलाकर मार डाला
बरवाअड्डा में दहेज के लिए नवविवाहिता को जलाकर मार डाला

बरवाअड्डा : गुरुवार दोपहर बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मधुगोड़ा गाव में कालाचंद महतो की 19 वर्षीय पत्‍‌नी फणिया देवी की मौत हो गई। आग लगाकर आत्महत्या कर लेने की सूचना पर पहुंचे लड़की के परिजनों जमकर हंगामा किया। लड़की के परिजोनों ने कालाचंद के घर पर पथराव किया। ग्रामीणों से भी उलझ गए। लगभग चार घंटे तक गांव में उपद्रव हुआ। मौके पर पहुंची बरवाअड्डा पुलिस से भी परिजनों की तीखी नोकझोंक हुई। बिगड़ती स्थिति को देखते हुए बरवाअड्डा थानेदार ने फोन कर पुलिस बल को बुलवाया। हत्या को आत्महत्या का रूप देने का आरोप :

मृतका के परिजनों का आरोप था कि दहेज के कारण फणिया देवी को बराबर प्रताड़ित किया जाता था। उसे पीट कर मार देने के बाद जला कर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। देर शाम डीएसपी सरिता मुर्मू ने मौके पर पहुंच कर परिजनों को शांत किया व आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने मौके से मृतका के पति कालाचंद महतो एवं सास को गिरफ्तार कर लिया। वही ससुर बाबूलाल महतो उर्फ भूटील मौके से भाग गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छह माह पूर्व हुई थी लड़की की शादी :

काको-धारकिरो गाव निवासी नेहरू महतो ने अपनी पुत्री फणिया देवी की शादी छह माह पूर्व मुघूगोड़ा निवासी बाबूलाल महतो के पुत्र कालाचंद महतो से करवाई थी। गुरुवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि पुत्री फणिया को उसके ससुरालवालों ने जला कर मार दिया है। सूचना पर दर्जनों की संख्या में काको गाव से लड़की के परिजन पहुंचे और लड़की के पति कालाचंद महतो, ससुर एवं सास को खोजने लगे। लोगों ने लड़की परिजनों के उग्र रूप को देखते हुए लड़का एवं उसके मा को कब्जे में लेकर एक कमरे बंद कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख थानेदार ने बुलवाया अतिरिक्त बल :

वही मौका पाकर बाबूलाल महतो फरार हो गया। बाबूलाल के फरार हो जाने से लड़की के परिजन और उग्र हो गये लड़के और उसकी मां को जिस कमरे में बंद किया गया था उसका दरवाजे को तोड़ने का प्रयास करने लगे। महिला को सौंपने की माग करते हुए पुलिस से उलझ गए। हंगामा बढ़ता देख बरवाअड्डा थानेदार ने थाना से और फोर्स मंगवाया व गाव में जगह-जगह पुलिस बल को तैनात कर दिया। इधर लड़की के परिजनों ने कालाचंद के घर पर पथराव शुरू कर दिया। इस क्रम में वे ग्रामीणों से भी उलझ गए। लड़की के परिजनों ने घर के सामने लगी सब्जी की खेती को तहस-नहस कर दिया। भाई ने लगाया हत्या का आरोप :

लड़की के भाई रीतलाल महतो ने कालाचंद महतो, ससुर बाबूलाल महतो एवं सास पर दहेज के लिए बहन की हत्या का आरोप लगाया है। रीतलाल ने कहा कि छह माह पूर्व बहन की शादी मधुगोड़ा गाव निवासी कालाचंद महतो से हुई। पिता ने साम‌र्थ्य के अनुसार दान, दहेज एवं उपहार भी दिया। शादी के बाद से ही बहन को कालाचंद दहेज के लिए परेशान करता था। पहले भी जान मारने की धमकी देता था कालाचांद :

कालाचंद मेरी बहन एवं मुझसे कहता था कि शादी में मुझे बहुत कम दहेज मिला है। तुम्हारी बहन देखने में खूबसूरत नहीं है। इसे अपने साथ नहीं रखूंगा। मैं जल्द ही तुम्हारी बहन से तलाक ले लूंगा। यदि बहन को मेरे साथ रखना चाहता है, तो अपने पापा से कहकर धनबाद में जमीन खरीदकर घर बनवा दो और एक टेंपों खरीदवा दो, नहीं इसे जान से मार दूंगा। वह एक दूसरी लड़की का फोटो भी मोबाइल पर दिखाता था। सुबह ही फोन पर समधन ने दी थी गाली :

लड़की के पिता नेहरू महतो ने बताया कि बेटी दो दिन पहले ही ससुराल आई थी। दामाद एवं बेटी के सास-ससुर बराबर प्रताड़ित करते रहते थे। सुबह बेटी एवं समधन से बात से फोन पर बात हुई थी। समधन ने मुझे फोन पर ही खूब गाली दी। दामाद एवं समधन किसी हाल में बेटी को रखना नहीं चाहते थे। साजिश के तहत सभी ने मिलकर पहले बेटी के साथ मारपीट की, फिर आत्महत्या का रूप देने के लिए किरासन डालकर बेटी को आग लगाकर मार डाला।

इस संबंध में डीएसपी सरिता मुर्मू ने बताया कि लड़की के परिजनों बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। मौके पर लड़की के पति कालाचंद महतो एवं लड़की के सास को गिरफ्तार कर लिया गया है।

chat bot
आपका साथी