मरीजों में कैंसर से लड़ने का जज्बा पैदा करेगा कुमार शानू का यह गीत

कुमार शानू का गीत जब कोई बात बिगड़ जाए, जब मुश्किल पड़ जाए तुम देना साथ मेरा..' आने वाले दिनों में कैंसर रोग से लड़ता नजर आएगा।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Thu, 22 Feb 2018 12:12 PM (IST) Updated:Thu, 22 Feb 2018 12:20 PM (IST)
मरीजों में कैंसर से लड़ने का जज्बा पैदा करेगा कुमार शानू का यह गीत
मरीजों में कैंसर से लड़ने का जज्बा पैदा करेगा कुमार शानू का यह गीत

संजय शर्मा, इटखोरी (चतरा)। संगीत की दुनिया को सैकड़ों रोमांटिक गीत देने वाले मशहूर गायक कुमार शानू का गीत जब कोई बात बिगड़ जाए, जब मुश्किल पड़ जाए तुम देना साथ मेरा..' आने वाले दिनों में कैंसर रोग से लड़ता नजर आएगा। यह गीत कैंसर रोग से पीड़ित लोगों के अंदर जीने का जज्बा पैदा करेगा। इस पर फिलहाल शोध चल रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय से भी बात चल रही है। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो दुनिया का चिकित्सा विज्ञान कुमार शानू के इस हिट गीत का इस्तेमाल कैंसर रोग से पीड़ित लोगों पर करेगा। यह खुलासा स्वयं कुमार शानू ने दैनिक जागरण के साथ इटखोरी महोत्सव के दौरान हुई विशेष बातचीत में किया है।

कुमार शानू 20 फरवरी को महोत्सव में अपना कार्यक्रम पेश करने आए थे। दमदार आवाज के स्वामी कुमार शानू ने कहा है कि दुनिया का चिकित्सा विज्ञान कई तरह के रोग को मिटाने के लिए संगीत का भी सहारा ले रहा है। शोध के बाद अगर उनके इस गीत से एक भी कैंसर रोगी की जान बच जाती है तो उनकी संगीत साधना सफल हो जाएगी। काफी भावुक अंदाज में उन्होंने कहा कि संगीत की दुनिया में उन्हें हजारों पुरस्कार मिले हैं, लेकिन कैंसर रोग से लड़ने में उनके गीत का इस्तेमाल अगर होगा तो यह उनके जीवन का सबसे बड़ा पुरस्कार होगा। अपने इस खुलासे को कुमार शानू ने इटखोरी महोत्सव के मंच से लोगों के साथ भी साझा किया है। 'जब कोई बात बिगड़ जाए..' गीत को अपना सबसे प्यारा गीत बताया है।

उन्होंने कहा कि इस गीत ने रिश्तो में पड़ी कई दरारों को पाटा है। किसी बात को लेकर एक-दूसरे से जुदा हुए दंपती को इस गीत ने फिर से मिलाया है। संगीत के अन्य बिंदुओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने आज के दौर में गाए जा रहे गीतों पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि श्रोता अच्छे संगीत व गीत को ही सुनें ताकि बेमतलब के गाने गाए जाने बंद हो जाएं। क्योंकि अपने देश में गीत संगीत का गहरा असर लोगों के जीवन पर पड़ता है। इस पर संगीतकारों व गीतकारों को विशेष ध्यान देना पड़ेगा।

झारखंड की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी