भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष की बहू ने लगाई फांसी

झारखंड के चतरा में भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष लक्ष्मी सिंह की बहु ने फांसी लगा ली है।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Sun, 30 Sep 2018 05:31 PM (IST) Updated:Sun, 30 Sep 2018 05:47 PM (IST)
भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष की बहू ने लगाई फांसी
भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष की बहू ने लगाई फांसी

संवाद सूत्र, इटखोरी (चतरा)। ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर इटखोरी की प्रियंका देवी ने फांसी के फंदे पर झूल कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। इस मामले में मृतका के पति अरविंद सिंह तथा ससुर व भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष लक्ष्मी सिंह के विरुद्ध स्थानीय थाना में रविवार को दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा मृतका के पिता गया जिला के फतेहपुर निवासी विजय सिंह ने दर्ज कराया है। दर्ज कराए गए मामले में कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम करा कर उसके परिजनों को सौंप दिया है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, प्रियंका का विवाह वर्ष 2012 में अरविंद के साथ हुआ था। मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि शादी के एक वर्ष के बाद से ही मृतका का पति व ससुर दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करता था। इस दौरान कई बार प्रियंका के साथ मारपीट की भी घटना हुई। इसी बीच, 30 सितंबर को मृतका के पिता को टेलीफोन से सूचना दी गई कि प्रियंका की मौत हो गई है। सूचना पाकर प्रियंका के पिता अपने परिजनों के साथ इटखोरी पहुंचे। उस वक्त उनकी बेटी मृत अवस्था में अस्पताल में पड़ी थी।

मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि प्रियंका के पति तथा ससुर ने कुछ अज्ञात लोगों के साथ मिलकर मारपीट करने के बाद उनकी बेटी को फांसी के फंदे से लटका दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मृतका के गले में गहरा निशान है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि फांसी के फंदे से झूलने से उसकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल, इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। 

chat bot
आपका साथी