पदाधिकारियों ने किया औचक निरीक्षण

By Edited By: Publish:Thu, 19 Jan 2012 11:24 PM (IST) Updated:Thu, 19 Jan 2012 11:24 PM (IST)
पदाधिकारियों ने किया औचक निरीक्षण

बोकारो, निसं : जिले के पांच पदाधिकारियों ने दो-दो पंचायतों में जाकर मनरेगा कार्य, आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल आदि का औचक निरीक्षण किया और विभिन्न योजनाओं के संचालन की स्थिति की जांच की।

जानकारी के अनुसार कार्यपालक दंडाधिकारी अर्चना मेहता ने चास प्रखंड के बाबूडीह व बारपोखर पंचायत में जाकर मनरेगा के तहत कूप निर्माण की जांच की। यहां का कार्य संतोषप्रद दिखा। इसके बाद वे बारपोखर पंचायत के स्वास्थ्य उपकेंद्र गयी, जो बंद पाया गया। वहीं दो आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। एक आंगनबाड़ी केंद्र खुला था, परंतु उसमें एक भी बच्चे उपस्थित नहीं थे। जबकि रजिस्टर पर बच्चों की हाजिरी बनी हुई थी।

योजना पदाधिकारी चंद्रभूषण तिवारी ने चैनपुर पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, तालाब निर्माण व विद्यालय का भ्रमण किया। मध्य विद्यालय में किचन शेड होने के बावजूद मध्याह्न भोजन खुले आसमान के नीचे बनाया जा रहा था। श्री तिवारी ने भोजन को किचन शेड में बनाने का निर्देश दिया। इधर आवासीय दंडाधिकारी मनोज जायसवाल, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार गुप्ता व कार्यपालक दंडाधिकारी नीरज कुमारी ने भी दो-दो पंचायतों का औचक निरीक्षण किया।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी