एडीडीसी के आश्वासन पर 15 तक सफाई कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित

संवाद सहयोगी ऊधमपुर शहर में छाए सफाई संकट के बाद फिलहाल कुछ दिनों के लिए छंट

By JagranEdited By: Publish:Sat, 12 Oct 2019 01:43 AM (IST) Updated:Sat, 12 Oct 2019 06:18 AM (IST)
एडीडीसी के आश्वासन पर 15 तक सफाई कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित
एडीडीसी के आश्वासन पर 15 तक सफाई कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित

संवाद सहयोगी, ऊधमपुर : शहर में छाए सफाई संकट के बाद फिलहाल कुछ दिनों के लिए छंट गए हैं। एडीडीसी के आश्वासन पर नगर परिषद सफाई कर्मचारी यूनियन ने अपनी कामछोड़ हड़ताल 15 अक्टूबर तक स्थगित कर दी है। इसके साथ ही मांगें पूरी न होने पर इसके बाद बिना किसी पूर्व सूचना के फिर से हड़ताल पर जाने की चेतावनी भी थी।

बता दें कि अपनी लंबित मांगों को लेकर ऊधमपुर नगर परिषद सफाई कर्मचारी यूनियन 9 अक्टूबर से कामछोड़ हड़ताल पर है। सफाई कर्मचारियों की कामछोड़ हड़ताल की वजह से शहर में सफाई न होने की वजह से शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर नजर आ रहे थे। वीरवार को सफाई कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल को दो दिन के आगे बढ़ा दिया।

शुक्रवार को हड़ताल के तीसरे दिन नगर परिषद दफ्तर परिसर में सफाई कर्मचारी यूनियन के बैनर तले लंबित मांगों को लेकर धरने पर बैठे। सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। अर्बन लोकल बॉडी सफाई कर्मचारी यूनियन की राज्य इकाई के कार्यकारी प्रधान गिरधारी लाल की अध्यक्षता और सफाई कर्मचारी यूनियन ऊधमपुर के प्रधान काका हुसैन के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों ने कहा उनकी मांगों को पूरा करने के लिए कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही, जिससे वे कामछोड़ हड़ताल करने को मजबूर हैं। त्योंहारों के सीजन में वह ऐसा करना नहीं चाहते, मगर अपनी मांगें मनवाने के लिए उनके पास कोई दूसरा रास्ता भी नहीं है।

सफाई कर्मचारियों ने 27 कमेटियों की तर्ज पर ऊधमपुर नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की तरह सातवें वेतन आयोग के बकाया का भुगतान नकद करने की मांग की। इसके साथ ही सभी डेलीवेजर्स सफाईकर्मचारियों को बनता बकाया शीघ्र जारी करने तथा हर माह नियमित रूप से देने की मांग की। उन्होंने कहा कि 2015 से विभाग में काम कर रहे सफाई कर्मचारियों को अक्सर नियमित रूप से वेतन नहीं दिया जाता। इसके साथ ही उन्होंने नगर परिषद में सफाई कर्मचारियों के खाली पड़े पदों को भरने की मांग की।़

इसके बाद दोपहर को एडीडीसी ऊधमपुर अशोक कुमार सीईओ नगर परिषद संतोष कोतवाल के साथ धरने पर बैठे कर्मचारियों के पास पहुंचे। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से बात कर संबंधित अधिकारियों से बात कर उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके लिए उन्होंने कुछ दिनों का समय मांगा। इस पर यूनियन ने कामछोड़ हड़ताल को 15 अक्टूबर तक स्थगित कर दिया। मगर इसके साथ ही 15 अक्टूबर तक मांगें पूरी न होने पर बिना किसी पूर्व सूचना के फिर से कामछोड़ हड़ताल पर जाने की चेतावनी भी दी। इस अवसर पर सफाई कर्मचारी यूनियन के उपाध्यक्ष डेविड के अलावा मजीद व अन्य मौजूद थे। काम छोड़ हड़ताल खत्म करने के साथ सफाई कर्मचारी काम पर वापस लौट आए और शहर में सफाई शुरू कर दी।

chat bot
आपका साथी