टाटा मोबाइल खाई में गिरने से एक की मौत, दो घायल

जागरण संवाददाता ऊधमपुर रामबन जिले के चंजलू में सोमवार रात एक टाटा मोबाइल वाहन के अनि

By JagranEdited By: Publish:Wed, 19 May 2021 12:13 AM (IST) Updated:Wed, 19 May 2021 12:13 AM (IST)
टाटा मोबाइल खाई में गिरने से एक की मौत, दो घायल
टाटा मोबाइल खाई में गिरने से एक की मौत, दो घायल

जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : रामबन जिले के चंजलू में सोमवार रात एक टाटा मोबाइल वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य सवार लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक सोमवार रात को टाटा मोबाइल नंबर जेके19-8227 रामबन जिले के मगरकोट से नील की तरफ जा रही थी। रात साढ़े आठ बजे जब टाटा मोबाइल चंजलू इलाके से गुजर रही थी तो चालक ने वाहन पर से अपनी नियंत्रण खो दिया। जिसके चलते अनियंत्रित वाहन सड़क से करीब 200 फीट नीचे खाई में जा गिरा।

हादसे की जानकारी मिलते ही रामसू थाना पुलिस थाना प्रभारी अब्दुल राउफ के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद रात दस बजे के करीब खाई में से गिरे वाहन में सवार उसके चालक सहित तीन लोगों को बाहर निकाल कर पीएचसी उखलार में भर्ती कराया। जहां पर वाहन के चालक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दो अन्य घायलों को उखराल में प्राथमिक उपचार देने के बाद रामबन जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे में मरने वाले की पहचान शकील अहमद(19) पुत्र अब्दुल रशीद निवासी परनोत, नजीर अहमद पुत्र अब्दुल सुबान शेख व शब्बीर अहमद(22) पुत्र नजीम दीन दोनों निवासी गिगुवानी नील के रूप में हुई है।

वहीं, पुंछ जिले की मंडी तहसील के दूरदराज गांव गली पिडी में ट्रैक्टर पलटने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पुंछ पहुंचाया गया, जहां पर उन सबका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार जिले की मंडी तहसील के साथरा ब्लाक के गली पिडी गांव में मंगलवार शाम को 5:15 के करीब साथरा से गली पिडी जा रहा एक ट्रैक्टर सड़क से उतरकर लगभग 80 फीट नीचे नाले में जा गिरा। इस हादसे में ट्रैक्टर में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पुंछ पहुंचाया गया, जहां पर सभी का उपचार किया जा रहा है। घायलों की पहचान मुहम्मद मारिक पुत्र दरिया मुहम्मद निवासी जंदरोला, मुफरकत हुसैन पुत्र मुहम्मद रफीक निवासी सरल, मुहम्मद रफीक निवासी कलाई के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

chat bot
आपका साथी