सीआरपीएफ ने मनाया प्रकाश पर्व

संवाद सहयोगी कटड़ा सिखों के पहले गुरु गुरुनानक देव जी का 351वां प्रकाश पर्व कटड़ा में मनाय

By JagranEdited By: Publish:Tue, 01 Dec 2020 07:17 AM (IST) Updated:Tue, 01 Dec 2020 07:17 AM (IST)
सीआरपीएफ ने मनाया प्रकाश पर्व
सीआरपीएफ ने मनाया प्रकाश पर्व

संवाद सहयोगी, कटड़ा : सिखों के पहले गुरु गुरुनानक देव जी का 351वां प्रकाश पर्व कटड़ा में मनाया गया। सिख समुदाय के लोगों ने कटड़ा में नानकसर गुरुद्वारा में जाकर परिवार सहित माथा टेका। मा वैष्णो देवी भवन सहित आधार शिविर कटड़ा की सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ 06 बटालियन ने भी अपने मुख्यालय में प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया।

सीआरपीएफ मुख्यालय परिसर में स्थापित गुरुद्वारे में बटालियन के कमाडेंट जितेंद्र कुमार गुप्ता के साथ ही अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, जवानों व उनके परिजनों ने गुरुद्वारे में जाकर अपनी हाजिरी लगाई। इस मौके पर शबद कीर्तन के साथ गुरु वाणी का आयोजन किया गया, साथ ही लंगर का आयोजन किया गया। इस मौके पर बटालियन के कमाडेंट जितेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि सिख समुदाय के प्रथम गुरु गुरुनानक देव जी का 351वां वर्ष प्रकाश पर्व के रूप में मनाया गया। गुप्ता ने कहा कि गुरुनानक देव ने अपना पूरा जीवन समाज से कुरीतियों व बुराइयों को दूर करने को लेकर समर्पित कर दिया और लोगों के जीवन में प्रकाश फैलाया। गुरुनानक देव जी ने पूरा जीवन समाज सेवा में समर्पित कर दिया। भारत ही नहीं, बल्कि अफगानिस्तान, ईरान व अरब देशों में जाकर उपदेश दिए। गुरुनानक देव जी सिख पंथ के संस्थापक सदस्य व प्रथम गुरु थे। गुरुनानक देव जी को बाबा नानक कहकर भी पुकारा जाता है। वहीं, मुख्यालय में स्थापित गुरुद्वारा में जाकर अधिकारियों के साथ ही जवानों ने देश की सुख-शाति की कामना की। इस मौके पर बटालियन के वरिष्ठ अधिकारी नरेंद्र सारण, विजेंद्र सिंह रावत के साथ ही अन्य अधिकारी, जवान व परिजन मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी