उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देने के साथ छठ पर्व संपन्न

संवाद सहयोगी कटड़ा चार दिवसीय पवित्र छठ पर्व शनिवार को उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देने के साथ ही संपन्न

By JagranEdited By: Publish:Sun, 22 Nov 2020 08:09 AM (IST) Updated:Sun, 22 Nov 2020 08:09 AM (IST)
उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देने के साथ छठ पर्व संपन्न
उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देने के साथ छठ पर्व संपन्न

संवाद सहयोगी, कटड़ा : चार दिवसीय पवित्र छठ पर्व शनिवार को उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देने के साथ ही संपन्न हो गया। दो दिन के उपवास के बाद व्रती महिलाओं ने व्रत खोला। व्रतियों ने सूर्यदेव को अ‌र्घ्य देकर परिवार की सुख-शांति, अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। कोरोना महामारी से जल्द छुटकारे के लिए भी दुआ की।

कटड़ा में भूमिका मंदिर नदी में बीते शुक्रवार की शाम बड़ी संख्या में महिलाओं व पुरुषों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अ‌र्घ्य दिया और विधिवत छठ मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शाति की कामना की। वहीं, शनिवार को उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देकर व्रत का समापन किया।

शनिवार सुबह सूर्योदय से पहले ही श्रद्धालु पूजा सामग्री के साथ नदी तट पर पहुंच चुके थे। छठ मईया के भजन-कीर्तन के साथ चढ़ते सूर्य की पूजा की। हालांकि कोरोना के चलते घाटों, नदियों के किनारे पर पिछले वर्षो की तरह सामूहिक आयोजन तो नहीं किए गए थे, लेकिन श्रद्धालु अपने-अपने तौर पर शारीरिक दूरी बनाकर पूजा-अर्चना करते दिखे। हर ओर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया।

व्रती बांस की टोकरी में ठेकुआ, चावल के लड्डू और फलों के साथ पूजा की टोकरी सजाए हुए थे। ठंड के बावजूद बहुत से श्रद्धालु नंगे पांव पूजा स्थल पर पहुंचे हुए थे। सूर्य के दर्शन होते ही जल एवं दूध भरे लोटों के साथ सूर्यदेव को अ‌र्घ्य दिया।

यह पर्व मुख्य रूप से बिहार के साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश में मनाया जाता है, परंतु वर्तमान में देशभर में यह पर्व धार्मिक रीति रिवाज के साथ मनाया जाने लगा है। आधार शिविर कटड़ा में बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों के परिजनों के साथ ही प्रवासी मजदूरों के परिजन रहते हैं। इसलिए इस पर्व पर कस्बे की प्रसिद्ध भूमिका मंदिर नदी तट पर मेला लगा रहा, जहा महिलाओं के साथ पुरुषों ने भी इस पर्व पर बढ़ चढ़कर भाग लिया।

chat bot
आपका साथी