सिर्फ कांग्रेस ही धर्मनिरपेक्ष राजनीतिक विकल्प : अंबिका सोनी

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की महासचिव और जम्मू कश्मीर मामलों की प्रभारी अंबि

By JagranEdited By: Publish:Mon, 07 May 2018 06:37 PM (IST) Updated:Mon, 07 May 2018 06:37 PM (IST)
सिर्फ कांग्रेस ही धर्मनिरपेक्ष राजनीतिक विकल्प : अंबिका सोनी
सिर्फ कांग्रेस ही धर्मनिरपेक्ष राजनीतिक विकल्प : अंबिका सोनी

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की महासचिव और जम्मू कश्मीर मामलों की प्रभारी अंबिका सोनी ने सोमवार को जम्मू कश्मीर के मौजूदा हालात के लिए केंद्र व राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सिर्फ कांग्रेस ही जम्मू कश्मीर व देश की जनता के लिए एक धर्मनिरपेक्ष राजनीतिक विकल्प है। कांग्रेस ही पूरे मुल्क में सभी वर्ग को बिना किसी भेदभाव के अपने साथ लेकर चलने में यकीन रखती है।

गौरतलब है कि अंबिका सोनी रविवार से कश्मीर में हैं। वह कश्मीर के हालात और कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों का जायजा लेने आई हैं। कश्मीर से पहले उन्होंने जम्मू संभाग में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति तय की।

उन्होंने बातचीत में कहा कि जम्मू कश्मीर के हालात सुधरने के बजाय लगातार बिगड़ रहे हैं। इसके लिए केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियां ही जिम्मेदार हैं। पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार यहां लोगों की बेहतरी के लिए नहीं, बल्कि कुर्सी पाने के लिए बनी थी। यह बात आज पूरी तरह सही साबित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की दमनकारी और दिशाहीन नीतियों का असर यहां आम लोगों के जीवन पर हर तरह से नजर आता है। उन्होंने कहा कि राज्य व केंद्र सरकार को हालात की गंभीरता को समझना चाहिए। यहां हालात सामान्य बनाने, नौजवानों को हिंसा के मार्ग पर जाने से रोकने व लोगों को राहत देने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए। कश्मीर मसले को हल करने के लिए केंद्र को सभी संबधित पक्षों से बातचीत की प्रक्रिया बहाल करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

इससे पूर्व अंबिका सोनी ने दक्षिण, मध्य और उत्तरी कश्मीर में सक्रिय कांग्रेस के सभी डेलीगेट्स से मुलाकात कर उनसे इलाके के हालात की जानकारी ली। कश्मीर में कांग्रेस को मजबूत बनाने के उपायों पर राय ली। उन्होंने सभी विधायकों, एमएलसी और वरिष्ठ नेताओं के साथ ब्लॉक और जिला इकाइयों के प्रधानों के साथ अलग-अलग मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की। सभी प्रमुख नेताओं के साथ बैठक भी की। बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रमुख जीए मीर ने उन्हें राज्य विशेषकर कश्मीर के मौजूदा राजनीतिक, सामाजिक और सुरक्षा परिदृश्य से अवगत कराते हुए बताया कि सभी जिलों और तहसीलों में कांग्रेस की इकाइयां गठित की जा रही हैं। अंबिका सोनी ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि वह आम लोगों के बीच अपनी गतिविधियां तेज करते हुए संगठन को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि सिर्फ कांग्रेस ही एकमात्र ऐसा राष्ट्रीय दल है जो जम्मू कश्मीर के तीनों प्रांतों व प्रत्येक वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए पूरे देश के लोगों को एक साथ लेकर चलने में समर्थ है।

chat bot
आपका साथी