पानी की समस्या को लेकर किया हाईवे जाम

संवाद सहयोगी सुंदरबनी जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों की काम छोड़ हड़ताल के चलते स

By JagranEdited By: Publish:Thu, 08 Oct 2020 07:04 AM (IST) Updated:Thu, 08 Oct 2020 07:04 AM (IST)
पानी की समस्या को लेकर किया हाईवे जाम
पानी की समस्या को लेकर किया हाईवे जाम

संवाद सहयोगी, सुंदरबनी : जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों की काम छोड़ हड़ताल के चलते सुंदरबनी उपनगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पानी को लेकर पिछले कुछ दिनों से हाहाकार मची हुई है। बुधवार को अस्पताल मार्केट के व्यापार मंडल प्रधान संजीव गुप्ता की अध्यक्षता में दर्जनों लोगों ने जम्मू-पुंछ हाईवे को बंद कर विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विभाग की लचर कार्यप्रणाली के चलते आज शहर को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। हाईवे पर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने उसके बाद विभाग कार्यालय में ताला लगाने का भी प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाते हुए कहा है कि पिछले कुछ दिनों से अस्थायी कर्मचारियों की हड़ताल के चलते उपनगर में पानी की सप्लाई ठप हो चुकी है। पांच-छह दिन के बाद मात्र 10 या 20 मिनट के लिए उपनगर में पानी की सप्लाई की जाती है। ऐसे में उपनगरवासियों को भारी मुश्किलों का सामना करते हुए प्राकृतिक जल स्त्रोतों का सहारा लेकर कई किलोमीटर दूरी का सफर तय करके पानी लाना पड़ रहा है।

तहसीलदार सहित अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त विनोद कुमार बेनहाल विभाग कार्यालय पहुंचे, जहां पर उन्होंने उपनगरवासियों से बातचीत कर हर हाल में शहर में पानी की सप्लाई को बहाल करने की बात कही। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पिछले 13 दिनों से उपनगर में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त सुंदरबनी विनोद कुमार बेनहल ने उपनगरवासियों को आश्वासन देते हुए कहा है कि पानी की सप्लाई को हर हाल में वीरवार तक बहाल कर दिया जाएगा, जिससे लोगों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी। जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।

chat bot
आपका साथी