बेघर लोगों ने स्कूलों व पंचायत घरों में ली शरण

By Edited By: Publish:Tue, 09 Sep 2014 01:03 AM (IST) Updated:Tue, 09 Sep 2014 01:03 AM (IST)
बेघर लोगों ने स्कूलों व पंचायत घरों में ली शरण

संवाद सहयोगी, कालाकोट : क्षेत्र में एक सप्ताह तक लगातार हुई बारिश भले ही थम गई है, लेकिन लोगों की मुसीबतें अभी भी बरकरार है। बारिश के कहर से क्षेत्र में 50 परिवारों के सौ से अधिक कच्चे मकान क्षतिग्रस्त होकर जमींदोज हो गए हैं। बेघर लोगों ने स्कूलों व पंचायत घरों में शरण ली है। खेतों में लगी मक्की व धान की फसलें भी नष्ट हो गई हैं।

तहसील क्षेत्र से जुड़ने वाले मुख्य व लिंक मार्ग बाधित होने से कई गांवों का तहसील मुख्यालय से अभी भी संपर्क कटा हुआ है। वहीं, बिजली-पानी व्यवस्था भी कई जगह आठ दिन से ठप है। गांव बाई नाला, सिंबल गाला, अखर, दालीर, बरूटा, मैथयानी आदि गांवों के करीब पचास परिवारों ने पास के स्कूलों व पंचायत घरों में शरण ली है। स्कूलों, पंचायतों घरों में शरण लेने वाले गिरधारी लाल, देस राज, रिखी राम, अशोक कुमार, प्रेम दास, राजेंद्र कुमार, मुहम्मद खालिद, मुहम्मद कयूम, करनैल सिंह आदि ने बताया कि बारिश से हमारे आशियाने जमींदोज होकर तबाह हो चुके हैं। हमें मजबूरन स्कूलों, पंचायत घरों में आश्रय लेना पड़ा है। उन्होंने कहा कि मकानों के मलबे में भी हमारा काफी कीमती सामान, राशन नष्ट हो गया। जिसकी भरपाई हमारे लिए मुश्किल है। वहीं, तहसीलदार अब्दुल माजिद तांत्रे व एसडीएम बंसी लाल का कहना है कि गांवों, पंचायतों का दौरा किया जा रहा है। नुकसान का भी जायजा लेकर ब्योरा तैयार किया जा रहा है, जिसे उच्च अधिकारियों को सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को जो भी मदद मिलेगी उन्हें दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी