पाक ने पुंछ में की भारी गोलाबारी, सात जवान घायल

जागरण संवाददाता पुंछ गुलाम कश्मीर में पाकिस्तान प्रधानमंत्री इमरान खान के दौरे के बाद सीम

By JagranEdited By: Publish:Tue, 17 Sep 2019 09:07 AM (IST) Updated:Fri, 20 Sep 2019 06:48 AM (IST)
पाक ने पुंछ में की भारी गोलाबारी, सात जवान घायल
पाक ने पुंछ में की भारी गोलाबारी, सात जवान घायल

जागरण संवाददाता, पुंछ : गुलाम कश्मीर में पाकिस्तान प्रधानमंत्री इमरान खान के दौरे के बाद सीमा पार सैन्य गतिविधियां बढ़ गई हैं। जम्मू स्थित पुंछ के बालाकोट और मेंढर सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने अग्रिम चौकियों और रिहायशी क्षेत्रों में रविवार रात को फिर से भारी गोलाबारी की। इसमें भारतीय सेना के सात जवान घायल हो गए, जिनमें एक सैन्य अधिकारी भी शामिल है। सभी घायलों को सैन्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाक सेना की कई चौकियां तबाह हुई हैं। सीमा पार से गोलाबारी सुबह तक होती रही।

जानकारी के अनुसार, मध्य रात्रि 12:30 बजे पाक सेना ने बालाकोट से क्टर में ताबड़तोड़ मोर्टार दागने शुरू कर दिए। मोर्टार शेल भारतीय सेना की चौकियों और रिहायशी क्षेत्रों को निशाना बनाकर दागे गए। पाक से दागा 120 एमएम का मोर्टार सेना की चौकी के पास गिरा जिसकी चपेट में आने से सेना के सात जवान मामूली रूप से घायल हो गए। इसके बाद भारतीय सेना ने गोलाबारी का मुंह तोड़ जवाब दिया। इसमें पाक सेना की कई चौकियां भी तबाह हुई हैं। बालाकोट और मेंढर के कई सीमांत गांवों में भी मोर्टार शेल दागे गए। हालांकि कहीं से किसी भी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। अलबत्ता, नियंत्रण रेखा से सटे गांवों में दहशत का माहौल है। घुसपैठ कराना चाहती है पाक सेना :

सूत्रों का कहना है कि पाक सेना गोलाबारी की आड़ में भारतीय क्षेत्र में आतंकवादियों के दल को घुसाने का प्रयास कर रही है। लेकिन भारतीय सेना हर बार पाक की कोशिशों को विफल कर रही है। सूत्रों का कहना है कि गत शुक्रवार को गुलाम कश्मीर में पाक प्रधानमंत्री इमरान खान के उकसावे वाले बयानों के बाद से ही पाक सेना नियंत्रण रेखा को सुलगा रखा है। स्कूलों को बना चुके निशाना :

शनिवार सुबह भी पाक सेना ने मेंढर और बालाकोट सेक्टर में भारी गोलाबारी की थी। कई मकान क्षतिग्रस्त होने के अलावा स्कूलों को भी निशाना बनाया गया था। इसमें 300 से अधिक बच्चे स्कूलों में फंस गए थे। सेना और पुलिस के जवानों ने उन्हें बख्तरबंद गाड़ियों में सुरक्षित घरों तक पहुंचाया था।

सांबा सेक्टर के चिलयाड़ी में भी पाक ने की गोलीबारी

संवाद सहयोगी, सांबा : पाकिस्तान ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी गोलीबारी की। सांबा सेक्टर की चिलयाड़ी पोस्ट पर पाकिस्तान ने छोटे हथियारों से तीन राउंड फायरिग की। सीमा सुरक्षा बल की 173वीं बटालियन की ओर से सीमा पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है और यह पाकिस्तान को रास नहीं आ रहा। इस गोलीबारी में भारतीय क्षेत्र में कोई नुकसान नहीं हुआ। अलबत्ता, इस गोलीबारी से सीमावर्ती क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

chat bot
आपका साथी