भारी मतदान से बौखलाई पाक सेना ने की भारी गोलाबारी, चार घायल

जागरण संवाददाता पुंछ लोकसभा चुनाव प्रक्रिया में सीमांत लोगों की भारी भागेदारी व पहले

By JagranEdited By: Publish:Sat, 13 Apr 2019 09:45 AM (IST) Updated:Mon, 15 Apr 2019 06:43 AM (IST)
भारी मतदान से बौखलाई पाक सेना ने की भारी गोलाबारी, चार घायल
भारी मतदान से बौखलाई पाक सेना ने की भारी गोलाबारी, चार घायल

जागरण संवाददाता, पुंछ : लोकसभा चुनाव प्रक्रिया में सीमांत लोगों की भारी भागेदारी व पहले चरण में बंपर मतदान से बौखलाई पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार को पुंछ जिले के साब्जियां सेक्टर में भारी गोलाबारी की। रिहायशी इलाकों पर दागे गए गोलों से दो युवतियों सहित चार लोग घायल हो गए। भारतीय सेना ने भी पाक सेना को मुंहतोड़ जवाब दिया। बावजूद इसके देर शाम तक पाक गोलाबारी जारी रही।

पुंछ जिले में पहले चरण के तहत गत वीरवार को हुए मतदान में 70.40 फीसद वोटिंग हुई थी। सीमांत लोगों की चुनाव में भारी भागेदारी से तिलमिलाए पाकिस्तान ने शुक्रवार सुबह आठ बजे ही साब्जियां सेक्टर में भारी गोलीबारी शुरू कर दी। इसपर भारतीय जवानों ने भी जोरदार जवाबी कार्रवाई की। पाक सेना ने साब्जियां सेक्टर के दस से अधिक गांवों को निशाना बनाकर गोलाबारी की। इस गोलाबारी में चार लोग घायल हो गए। इनमें तस्वीर अख्तर पुत्री मुहम्मद रशीद, शबीना अख्तर पुत्री मुमताज खान व मुहम्मद इसाक पुत्र नूर मुहम्मद तीनों निवासी छपरियां गांव शामिल है। तीनों घायलों को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल मंडी लाया गया, जहां पर शबीना की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज जम्मू रेफर कर दिया गया है। वहीं इस गोलाबारी में पत्रकार रमेश बाली भी घायल हो गए। भारतीय सेना भी पाकिस्तान को कड़ा जवान दे रही है। गोलाबारी से नियंत्रण रेखा पर तनाव बना हुआ है।

दो वर्ष बाद साब्जियां सेक्टर में शुरू की गोलाबारी :

पाक सेना ने दो वर्ष के बाद साब्जियां सेक्टर को निशाना बनाकर गोलाबारी की। दो वर्ष पहले पाक सेना ने इस सेक्टर में भारी गोलाबारी की थी, जिससे क्षेत्र के लोगों का काफी नुकसान हुआ था। कई दुकानें जल गई थी और कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए थे। कई लोग भी घायल हो गए थे। उस समय भी भारतीय सेना ने पाक सेना को कड़ा जवाब दिया था। इसके बाद से पाक सेना ने इस सेक्टर में गोलाबारी बंद रखी थी। ऊंचाई पर है पाकिस्तान, इससे सहमे हैं लोग :

दो वर्ष बाद साब्जियां सेक्टर में गोलाबारी से इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। साब्जियां सेक्टर के रहने वाले नसीब दीन, जंगबाज, बशीर अहमद आदि ने कहा कि इस सेक्टर में पाक सेना ऊंचाई पर है और हम लोग नीचे है, जिस कारण हमें अधिक नुकसान होता है। यह गोलाबारी जारी रहती है तो चिंता का विषय है।

chat bot
आपका साथी