गोले बरसते देख लोग सहमे, पाक के खिलाफ की नारेबाजी

गुज्जर चकमांडयाल वार्ड तीन के लोगों ने सुबह मुख्य चौक पर इकटठे हो कर पाकिस्तान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 15 Feb 2020 06:09 PM (IST) Updated:Sat, 15 Feb 2020 09:53 PM (IST)
गोले बरसते देख लोग सहमे, पाक के खिलाफ की नारेबाजी
गोले बरसते देख लोग सहमे, पाक के खिलाफ की नारेबाजी

संवाद सहयोगी, हीरानगर : पाकिस्तान की गोलाबारी से प्रभावित गुज्जर चक, मांडयाल वार्ड तीन के लोगों ने शनिवार सुबह मुख्य चौक पर एकत्रित होकर पाकिस्तान के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने पाक के प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ नारेबाजी भी की।

प्रदर्शनकारियों में शामिल अशोक कुमार व नाठूराम ने कहा कि पाकिस्तान की ओर से लगातार की जा रही गोलाबारी से वे तंग आ चुके हैं। एक तो खेती प्रभावित हो रहा है, वहीं बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीण कृपाल सिंह की लड़की की शादी में काफी मेहमान आए हुए थे कि अचानक घरों के पास गोले गिरने शुरू हो गए। गनीमत यह रही कि गोले घरों के अंदर नहीं गिरे अन्यथा जानी नुकसान हो सकता था। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अक्सर शाम या सुबह गोलीबारी करता है, जिस समय लोग बाहर निकलते हैं। सरकार ने अभी तक उनके गांवों में शौचालय भी नहीं बनवाए। उन्होंने कहा कि अगर इसी तरह गोलीबारी होती रही तो वे गांवों में रह कर क्या करेंगे। सरकार को पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने के साथ-साथ गोलीबारी बंद करवाने के लिए कोई स्थाई हल करना चाहिए, ताकि लोग शांति से जिदगी बसर कर सकें। प्रदर्शनकारियों में अश्विनी कुमार, कृपाल सिंह, मदनलाल, पवन कुमार, रूईदास, बलवान सिंह, लाजू राम, राज कुमार बिट्टू, तरसेम लाल, गिरधारी लाल आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी