उमस से बेहाल लोगों को अब वर्षा से ही राहत मिलने की उम्मीद

जागरण संवाददाता कठुआ जिले 100 आ‌र्द्रता के चलते लोग भारी गर्मी से पिघल गए हैं। अब उमस भरी

By JagranEdited By: Publish:Thu, 30 Jun 2022 04:58 AM (IST) Updated:Thu, 30 Jun 2022 04:58 AM (IST)
उमस से बेहाल लोगों को अब वर्षा से ही राहत मिलने की उम्मीद
उमस से बेहाल लोगों को अब वर्षा से ही राहत मिलने की उम्मीद

जागरण संवाददाता, कठुआ: जिले 100 आ‌र्द्रता के चलते लोग भारी गर्मी से पिघल गए हैं। अब उमस भरी गर्मी में लोगों को सिर्फ वर्षा से ही राहत मिलने की उम्मीद बची है। हालांकि, मौसम विभाग ने 30 जून से 2 जुलाई तक मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई है, उससे पहले भारी उमस से बेहाल लोगों के पास राहत पाने के लिए शहर में ड्रीमलैंड पार्क के बीच बहने वाली ठंडी-ठंडी कठुआ कनाल ही बेहतर स्थल है।

सुबह से शाम तक हजारों की संख्या में शहरवासी व आसपास के लोग परिवार सहित नहाकर राहत पा रहे हैं। शहर के कूल प्वाइंट बन चुका है, लोगों को ऐसी उमस भरी गर्मी से राहत पाने के लिए अब यहीं नहर ही मुख्य साधन दिखता है, लेकिन अन्य स्थानों पर लोग इस बार उमस भरी गर्मी से बेहाल है। बिजली की लोड बढ़ने से अघोषित कटौती भी बढ़ती जा रही है, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है। लोगों के लिए बिजली से चलने वाले पंखे, कूलर और एसी भी हांफने लगे हैं। गांवों में तो लो वोल्टेज से और भी लोगों को असुविधा हो रही है। इस व्यवस्था के लिए लोग विभाग की कुप्रबंधों एवं पूर्व में एक्शन प्लान न होने पर अधिकारियों को कोस रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि गर्मी से राहत देने वाला सरकार का मुख्य तंत्र बिजली पानी पूरी तरह से ऐसे माहौल में सुचारु चलने में असफल हो चुका है।

बिजली की बार-बार कटौती के कारण पेयजल आपूर्ति पर भी प्रभाव पड़ रहा है, जिससे शहर के क्षेत्रों सहित गांवों में भी आपूर्ति प्रभावित हो रही है। वहीं गांवों में दिन भर लोग जहां पेड़ों की छाया में गर्मी से राहत पाने का प्रयास कर रहे हैं, इस बीच बड़ी संख्या में शहरवासी पहाड़ी क्षेत्रों में भी टूर के लिए निकल गए हैं। दुकानदार खुद ही तीन से चार दिन की छुट्टियां डाल कर पहाड़ी क्षेत्रों में गर्मी से राहत पाने के लिए परिवार सहित जा रहे हैं।

इसी बीच किसान भी अब धान की रोपाई व सिचाई के लिए बर्षा की ही उम्मीद लगाए है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले तीन दिन में बर्षा की संभावना जता दी है।

chat bot
आपका साथी