Ceasefire Violation: पाकिस्तानी सेना ने रिहायशी क्षेत्रों पर दागे गोले, दो की मौत व नौ घायल

आज की गई गोलाबारी के जवाब में भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तान में काफी तबाही की है। हालांकि सैन्य सूत्रों ने अभी तक इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Tue, 03 Dec 2019 05:19 PM (IST) Updated:Tue, 03 Dec 2019 06:34 PM (IST)
Ceasefire Violation: पाकिस्तानी सेना ने रिहायशी क्षेत्रों पर दागे गोले, दो की मौत व नौ घायल
Ceasefire Violation: पाकिस्तानी सेना ने रिहायशी क्षेत्रों पर दागे गोले, दो की मौत व नौ घायल

पुंछ, जेएनएन। पाकिस्तान सुधर नहीं रहा। मंगलवार को पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के शाहपुर किरनी सेक्टर में रिहायशी क्षेत्रों पर भारी गोलाबारी करते हुए मासूम ग्रामीणों को निशाना बनाया। इसमें एक महिला समेत दो लोगों की मौत और नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से दो को गर्वनमेंट मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल जम्मू में रेफर कर दिया गया है, अन्य का जिला अस्पताल पुंछ में उपचार जारी है। पाक सेना की गोलाबारी में कई मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं और कई मवेशी भी मारे गए हैं। भारतीय सेना ने भी पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। इससे सीमा पार भी काफी नुकसान की सूचना है। गोलाबारी के दौरान कई एंबुलेंस सीमा पार आती-जाती देखी गई हैं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि पाकिस्तानी सेना को भी भारी क्षति हुई है। देर शाम तक नियंत्रण रेखा पर भारी गोलाबारी जारी रही।

पाकिस्तान पिछले कई दिनों से शाहपुर किरनी में भारी गोलाबारी कर रही है। रविवार को भी इसी सेक्टर में पाक सेना की गोलाबारी में एक स्थानीय नागरिक घायल हो गया था। इसके बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाक सेना की छह चौकियों को नष्ट कर दिया था। इस कार्रवाई में पाक सेना के दो जवान भी मारे गए थे और कई घायल हुए थे। बावजूद इसके पाक सेना लगातार गोलाबारी जारी रखे हुए है।

जानकारी के अनुसार, पाक सेना ने मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे शाहपुर किरनी सेक्टर के बांडी चेचियां, कस्बा व किरनी गांवों को निशाना बनाकर मोर्टार दागना शुरू कर दिए। अचानक हुई इस गोलाबारी से लोग संभल नहीं पाए और नौ ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो ने बाद में दम तोड़ दिया। सात घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पुंछ लाया गया। जहां दो की नाजुक हालत देख उन्हें जम्मू रेफर कर दिया गया। देर शाम शाहपुर में पाक गोलाबारी में दो और महिलाएं घायल हो गई हैं। इसकी पहचान 22 वर्षीय शाहजान व 35 वर्षीय फातिमा जान के रूप में हुई है। घायलों की संख्या नौ हो गई है।

पाक गोलाबारी में मारे गए लोगों की पहचान गुलनाज कौसर पत्नी तारीक हुसैन व शोएब अहमद पुत्र मुहम्मद बशीर दोनों निवासी बांडी चेचियां के रूप में हुई है। घायलों में मुहम्मद इरफान पुत्र तारिक हुसैन, मुनीर शाह पुत्र मंजूर हुसैन, मुहम्मद अयूब पुत्र फतेह मुहम्मद, नजारत हुसैन पुत्र आरिफ शाह, शाहीदा अख्तर पत्नी गुलजार हुसैन, फातिमा बी पुत्री मुहम्मद मुश्ताक व नजीर हुसैन पुत्र अत्ता मुहम्मद शामिल है। यह सभी बांडी चेचियां गांव के रहने वाले हैं।

पाक गोलाबारी से क्षेत्र में दहशत व तनाव का माहौल बना हुआ है। लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों पर शरण ले रहे हैं, लेकिन पाक सेना लगातार गोलाबारी को जारी रखे हुए है। वहीं भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई कर पाकिस्तान को गहरा आघात पहुंचाया है।

chat bot
आपका साथी