Har Ghar Tiranga: हर घर तिरंगा लहराकर दें जम्मू-कश्मीर से देशभक्ति का संदेश: तरुण चुग

Har Ghar Tiranga हर घर तिरंगा अभियान काे यादगार बनाने की दिशा में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। हर नेता कार्यकर्ता की जिम्मेवारी बनती है कि हर घर में शान के साथ तिरंगा लहराए। जम्मू के साथ कश्मीर से भी बड़े पैमाने पर देशभक्ति का संदेश जाना चाहिए।

By Vikas AbrolEdited By: Publish:Mon, 08 Aug 2022 03:22 PM (IST) Updated:Mon, 08 Aug 2022 03:22 PM (IST)
Har Ghar Tiranga: हर घर तिरंगा लहराकर दें जम्मू-कश्मीर से देशभक्ति का संदेश: तरुण चुग
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने कहा हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए सभी सहयोग दें।

जम्मू, राज्य ब्यूरो। प्रदेश भाजपा जम्मू-कश्मीर में 'हर घर तिरंगे' लहराने के अभियान को यादगार बनाने के लिए 9 अगस्त से विधानसभा क्षेत्र स्तर पर तिरंगा यात्राओं का आयोजन करेगी। पार्टी कार्यकर्ता वार्ड स्तर पर देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों के घरों में तिरंगे लहराएगी। प्रदेश के हर नागरिक का इस अभियान का हिस्सा बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

यह रणनीति जम्मू में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग की अध्यक्षता में हुई बैठक में बनाई गई। उच्च स्तरीय इस बैठक में आजादी का अमृत महोत्सव के 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान को कामयाब बनाने की दिशा में हुई कार्रवाई पर चर्चा की गई। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना, जम्मू-पुंछ के सांसद जुगल किशोर शर्मा, पूर्व उपमुख्यमंत्री डा निर्मल सिंह, कविन्द्र गुप्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शमशेर सिंह मन्हास, सत शर्मा, प्रदेश महासचिवों के साथ जिलाें के प्रभारियों, प्रधानों समेत सभी वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया।

'हर घर तिरंगा' अभियान काे यादगार बनाने की दिशा में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए

तरुण चुग ने बैठक का संबोधित करते हुए कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान काे यादगार बनाने की दिशा में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। हर नेता, कार्यकर्ता की जिम्मेवारी बनती है कि हर घर में शान के साथ तिरंगा लहराए। जम्मू के साथ कश्मीर से भी बड़े पैमाने पर देशभक्ति का संदेश जाना चाहिए। ऐसे में पार्टी नेता बलिदानियों के घरों तक पहुंचकर न सिर्फ तिरंगे लहराएं अपितु उनका हाैसला भी बढाएं। उन्होंने जोर दिया कि 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के दाैरान हर एक बलिदानी के घर की छत पर तिरंगा लहराना चाहिए।

इसी बीच बैठक में भारत-पाकिस्तान विभाजन के 75 साल पूरा होने पर मौन यात्राओं के आयोजन का फैसला किया गया। जिला स्तर पर होने वाली इन मौन यात्राओं के दौरान भाजपा नेता, कार्यकर्ता हाथों में तिरंगे लेकर उन हालात को याद करेंगे जिनमें देश के हजारों परिवार प्रभावित हुए थे। इसके साथ युवा मोर्चा की ओर से भी तिरंगा रैलियों का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना ने हर घर तिरंगा अभियान को कामयाब बनाने के लिए अब तक की गई तैयारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस संबंध में बनाए गए जिलों के प्रभारी अपने अपने जिलों में अभियान को कामयाब बनाने के लिए काम कर रहे हैं। इस दौरान जिला प्रधानों से अपने अपने जिलों की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी ली गई। इस दौरान जिला प्रधानों ने अपने अपने जिलों में तिरंगा सेल काउंटर स्थापित करने के साथ कार्यक्रम को कामयाब बनाने के लिए गठित की गई कमेटियाें के कामकाज के बारे में जानकारी दी।

chat bot
आपका साथी