Jammu : नागरिक सचिवालय के बाहर चली गोली, अतिरिक्त मुख्य सचिव की सुरक्षा में तैनात जवान घायल

गोली जवान की गर्दन के नीचे लगी और मुंह को चिरती हुई नाक से बाहर निकल गई। जवान को गंभीर हालत में जीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। गोली किन परिस्थितियों में चली है यह अभी जांच का विषय है।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Wed, 06 Oct 2021 04:22 PM (IST) Updated:Wed, 06 Oct 2021 04:22 PM (IST)
Jammu : नागरिक सचिवालय के बाहर चली गोली, अतिरिक्त मुख्य सचिव की सुरक्षा में तैनात जवान घायल
काफिले के पार्क वाहन में से गोली चलने की आवाज से सचिवालय की सुरक्षा में तैनात जवान सतर्क हो गए।

जम्मू, जागरण संवाददाता : सुरक्षा के लिहाज से अति संवेदनशील नागरिक सचिवालय के बाहर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कांस्टेबल की सर्विस राइफल से संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चल गई। गोली जवान की गर्दन के नीचे लगी और मुंह को चिरती हुई नाक से बाहर निकल गई। जवान को गंभीर हालत में जीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। गोली किन परिस्थितियों में चली है यह अभी जांच का विषय है। गोली चलने की यह घटना बुधवार दोपहर बाद 03:15 बजे की है।

नागरिक सचिवालय के बाहर रणबीरेश्वर मंदिर के बाहर जम्मू कश्मीर के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं वित्तीय विभाग के प्रधान सचिव अतुल ढुल्लु के काफिले के वाहन खड़े थे। काफिले के साथ प्रधान सचिव की सुरक्षा में तैनात एसएसबी की सातवीं बटालियन की ई कंपनी का जवान गुजरात निवासी सोनागरा हंसमुख तैनात थे। अचानक से सोनागरा हंसमुख की राइफल से गोली चली। काफिले के पार्क वाहन में से गोली चलने की आवाज आने से सचिवालय की सुरक्षा में तैनात जवान सतर्क हो गए। जिस स्थान से गोली चलने की आवाज आई थी, वहां आसपास तैनात जवान जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने एसएसबी के कांस्टेबल को खून के लथपथ पाया। उसके पास ही उसकी सर्विस राइफल पड़ी हुई थी।

आनन फानन में घायल जवान को जीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उसे तुरंत आपरेशन थियेटर में ले जाया गया। यहां डाक्टरों ने उसका आपरेशन किया। चूंकि गोली नागरिक सचिवालय के बाहर चली थी, इसलिए एसएसपी चंदन कोहली भी मौके पर पहुंच गए। एसएसपी ने बताया कि जवान की सर्विस राइफल से गोली दुर्घटनावश चली है। अलबत्ता जांच पूरी होने के बाद ही पूरा पता चल पाएगा। वहीं, सिटी पुलिस ने जवान की जिस राइफल से गोली चली थी, उसको जब्त कर मामला दर्ज कर लिया। जब गोली चली तब अतिरिक्त मुख्य सचिव नागरिक सचिवालय में ही मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी