जम्मू में राष्ट्रपति ने कहा, शिक्षा वह है जो अच्छा इंसान बनाए

कड़ी सुरक्षा के बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राज्य के अपने पहले दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को जम्मू पहुंच गए।

By Preeti jhaEdited By: Publish:Wed, 18 Apr 2018 12:09 PM (IST) Updated:Wed, 18 Apr 2018 05:22 PM (IST)
जम्मू में राष्ट्रपति ने कहा, शिक्षा वह है जो अच्छा इंसान बनाए
जम्मू में राष्ट्रपति ने कहा, शिक्षा वह है जो अच्छा इंसान बनाए

जम्मू,राज्य ब्यूरो। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि हम सबकी जिम्मेदारी है कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाएं। यह समाज का फर्ज है कि बच्चों की मुस्कान सुरक्षित रहे श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय कटरा के छठे दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा की हाल ही में जम्मू कश्मीर में एक बच्ची की निर्मम हत्या हुई है जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती।

हमें अपने मानवीय मूल्यों को जीवन का संदेश बनाना चाहिए। उन्होंने कहा की स्वतंत्रता के 70 वर्ष बीत जाने के बाद देश में इस तरह की घटनाएं शर्मनाक है और हम सब को यह सोचना होगा कि हम कहां खड़े हैं। हमारी भावी पीढ़ी कहां खड़ी है। भारतीय संविधान में हम सब की जिम्मेदारी बनती है कि हम अपनी बेटियों बहनों के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाएं। शिक्षा वह है जो अच्छा इंसान बनाए। राष्ट्रपति ने कहा अगर डॉक्टर बनता है तो विद्यार्थी अच्छा डॉक्टर बने और अगर इंजीनियर बनता है तो बेहतर इंजीनियर बने उन्होंने कहा कि मुझे पता चला कि विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह में पहला विज्ञान पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम ने दिया था कलाम के जीवन से जुड़ी बातें हमें प्रेरणा देती हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि अगर हम बेटियों की बात करते हैं तो जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को कैसे भूल सकते हैं। महबूबा मुफ्ती ने अपने पिता मुफ्ती मोहम्मद सैयद की विरासत को आगे बढ़ाया और जम्मू कश्मीर में कठिन परिस्थितियों में राज्य का कुशल नेतृत्व कर रही हैं।

कड़ी सुरक्षा के बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राज्य के अपने पहले दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को जम्मू पहुंचे। सुबह साढ़े दस बजे के करीब जम्मू के तकनीकी हवाई अड्डे पर पहुंचे राष्ट्रपति का स्वागत राज्यपाल एनएन वोहरा व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने किया। राष्ट्रपति के साथ देश की प्रथम महिला सविता कोविंद भी आई हैं।

तकनीकी एयरपोर्ट पर सेना की गोरखा राइफल्स के जवानों ने राष्ट्रपति को गार्ड आफ आनर भेंट किया। इस मौके पर महबूबा मंत्रिमंडल के कई अन्य सदस्यों के साथ सेना, राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।सुबह पौने ग्यारह बजे के करीब राष्ट्रपति कटड़ा में श्री माता वैष्णो देवी विश्व विद्यालय के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने के लिए हेलीकाप्टर से रवाना हुए थे। कटड़ा पहुंचने पर उनका स्वागत शिक्षा राज्यमंत्री प्रिया सेठी ने किया।राष्ट्रपति श्री माता वैष्णो देवी विश्व विद्यालय कटड़ा के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने के बाद श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए जाएंगे।

कटड़ा से वापसी पर वह शाम को जम्मू के हरि सिंह पैलेस में गणमान्य लोगों के एक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यह कार्यक्रम मंदिरों के शहर में उनके सम्मान में आयोजित किया जा रहा है। रात को राजभवन में रूक रहे राष्ट्रपति 19 अप्रैल को दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

chat bot
आपका साथी