कठुआ जिले के युवक को लखनऊ ले गई उत्तर प्रदेश पुलिस

शकील जिहाद के नाम पर युवाओं को बरगला रहा है और उन्हें आतंकी बनने के लिए उकसा रहा है। उसके आकाओं ने उसे इलाके में आतंकी मॉड्यूल खड़ा कर नए युवाओं को अपने साथ जोड़ने का काम दिया था।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Jul 2020 10:09 AM (IST) Updated:Mon, 06 Jul 2020 10:09 AM (IST)
कठुआ जिले के युवक को लखनऊ ले गई उत्तर प्रदेश पुलिस
कठुआ जिले के युवक को लखनऊ ले गई उत्तर प्रदेश पुलिस

संवाद सहयोगी, बिलावर: कठुआ जिले के पहाड़ी इलाके में आतंकी मॉड्यूल पनपने से पहले ही पुलिस ने खत्म कर दिया है। युवाओं को आतंकी बनने के उकसाने के आरोप में मल्हार तहसील के नेल्यू निवासी 21 वर्षीय शकील अहमद को बिलावर पुलिस ने मल्हार से दबोच लिया है। उसे रविवार को उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंप दिया गया। अब उसे लखनऊ ले जाया गया है।

बिलावर पुलिस को उत्तर प्रदेश की पुलिस से सूचना मिली थी कि शकील जिहाद के नाम पर युवाओं को बरगला रहा है और उन्हें आतंकी बनने के लिए उकसा रहा है। उसके आकाओं ने उसे इलाके में आतंकी मॉड्यूल खड़ा कर नए युवाओं को अपने साथ जोड़ने का काम दिया था। वह कई मोबाइल एप्लीकेशन और सॉफ्टवेयर के जरिये पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के संपर्क में भी था। इस बात की सूचना जैसे ही उत्तर प्रदेश पुलिस को लगी, तो उसने बिलावर पुलिस से सूचना साझा की। बिलावर पुलिस के एसएचओ जोगिंदर सिंह चिब ने तुरंत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंप दिया गया। उत्तर प्रदेश की पुलिस उसे लेने के लिए बिलावर पहुंची थी।

कठुआ जिले के एसएसपी शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने यहां की पुलिस से संपर्क किया था। इसमें बताया गया था कि शकील के खिलाफ उत्तर प्रदेश में एक मामला दर्ज है। इसमें उसकी गिरफ्तारी की जानी है। उन्हें इसके बारे में अधिक जानकारी नहीं दी गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस उसे लेकर चली गई है। अब उससे वहीं पर जाकर पूछताछ की जाएगी

chat bot
आपका साथी