ग्रीन बेल्ट इलाके में अज्ञात ने पुलिस जवान को मारी गोली

जम्मू शहर के पॉश इलाके गांधीनगर के ग्रीन बेल्ट एरिया में एक पुलिस कांस्टेबल को अज्ञात व्यक्ति ने गोली मार दी। गोली कांस्टेबल के कंधे को छूकर निकल गई लेकिन उसे जख्मी कर गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Aug 2019 01:30 AM (IST) Updated:Thu, 22 Aug 2019 06:39 AM (IST)
ग्रीन बेल्ट इलाके में अज्ञात ने पुलिस जवान को मारी गोली
ग्रीन बेल्ट इलाके में अज्ञात ने पुलिस जवान को मारी गोली

जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर के पॉश इलाके गांधी नगर ग्रीन बेल्ट में सुबह की सैर पर निकले पुलिस कांस्टेबल को अज्ञात ने गोली मार दी। हालांकि गोली कांस्टेबल के बाई ओर कंधे को छू कर निकल गई। कांस्टेबल का राजकीय मेडिकल कॉलेज व अस्पताल जम्मू में उपचार चल रहा है। कांस्टेबल की पहचान कंवर योगेश पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी गोरखा नगर, बाग-ए-बाहू के रूप में हुई।

कांस्टेबल को गोली लगने की घटना बुधवार सुबह छह बजे की है। कांस्टेबल के अनुसार वह बाल्मिकी चौक के पास सैर कर रहा था। इतने में अचानक एक अज्ञात व्यक्ति उसके पीछे से आया व गोली चला दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद वह किसी तरह से ऑटो स्टैंड पहुंचा और ऑटो में सवार होकर स्वयं जीएमसी में उपचार के लिए पहुंच गया। अस्पताल के कंट्रोल रूम से गांधी नगर पुलिस को जब कांस्टेबल के घायल होने की सूचना मिली तो वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल की ओर दौड़े। एसएचओ गांधी नगर गुरनाम चौधरी ने बताया कि कांस्टेबल कंवर योगेश के बयान फिलहाल दर्ज नहीं हो पाए है। पुलिस मामले से जुड़ी जानकारी के आधार पर जांच कर रही है। वैसे थाने में हत्या का प्रयास और रिवॉल्वर जैसे घातक हथियारों के प्रयोग करने का मामला दर्ज कर लिया। पत्नी से विवाद बता रहा है कारण

एसएसपी जम्मू तेजेंद्र सिंह ने अनुसार कांस्टेबल कंवर योगेश ने बताया कि उसकी दो शादी हुई हैं। पहली पत्नी ने उसे तलाक देकर दूसरी शादी रचा ली है। दूसरी पत्नी भी उसे छोड़ कर चली गई है। कांस्टेबल ने पुलिस को इशारों ही इशारों में पत्नी से चल रहे विवाद को गोली चलने के पीछे का कारण बताया है, हालांकि पुलिस इसकी जांच कर रही है।

तीन माह से नहीं गया ड्यूटी पर

गौर करने वाली बात यह है कि कांस्टेबल कंवर योगेश वर्तमान में जम्मू जिला पुलिस लाइन में तैनात है। मगर तीन माह से अज्ञात कारणों से ड्यूटी पर नहीं गया। जिला पुलिस लाइन के डीएसपी ड्यूटी पर लौटने के नोटिस भी जारी कर चुके हैं, मगर वह ड्यूटी पर नहीं लौटा है। पुलिस जांच को उलझा रहे हैं बयान

कांस्टेबल कंवर योगेश लगातार बयान बदल कर पुलिस को उलझाने का काम कर रहा है। पहले उसने पुलिस को बताया कि ग्रीन बेल्ट लेन में बिजली कार्यालय से कुछ दूरी पर गोली लगी है। पुलिस जब मौके पर सबूत जुटाने के लिए पहुंची तो वहां खून के धब्बे तक नहीं दिखे। इससे पुलिस को संदेह हुआ। पुलिस ने इलाके में जांच का दायरा बढ़ाया तो बाल्मिकी चौक के एक हिस्से में खून के धब्बे मिले। पुलिस कर्मियों को यह समझ नहीं आ रहा था कि कांस्टेबल को ग्रीन बेल्ट में गोली लगी और वह ऑटो स्टैंड तक पैदल गया, तो सड़क पर खून के धब्बे क्यों नहीं दिखे?

chat bot
आपका साथी