जवाबी कार्रवाई से सहमा पाकिस्तान, शांति के लिए लगाई गुहार

अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की गोलाबारी के बाद भारत की ओर से कड़ा जवाब मिलने पर पाकिस्तानी रेंजर्स सहम गए हैं।

By Preeti jhaEdited By: Publish:Mon, 21 May 2018 10:19 AM (IST) Updated:Mon, 21 May 2018 10:30 AM (IST)
जवाबी कार्रवाई से सहमा पाकिस्तान, शांति के लिए लगाई गुहार
जवाबी कार्रवाई से सहमा पाकिस्तान, शांति के लिए लगाई गुहार

जम्मू, राज्य ब्यूरो। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की गोलाबारी के बाद भारत की ओर से कड़ा जवाब मिलने पर पाकिस्तानी रेंजर्स सहम गए हैं। वे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शांति स्थापित करने के लिए गिड़गिड़ा रहे हैं। दो साल में दूसरा मौका है जब पाकिस्तान भारतीय कार्रवाई के बाद बीएसएफ के आगे घुटने टेक रहा है।

शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले शुक्रवार को पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारतीय चौकियों को निशाना बनाया था। इसमें बीएसएफ काएक जवान शहीद हो गया था, जबकि चार नागरिकों की मौत हो गई थी। बीएसएफ ने इसका कड़ा जवाब दिया। इसमें पाकिस्तान में पांच लोगों की मौत होने के साथ ही भारी तबाही हुई थी। बीएसएफ ने इसका 19 सेकेंड का एक वीडियो भी जारी किया है।

बीएसएफ के प्रवक्ता के अनुसार पाकिस्तानी रेंजर्स ने संपर्क कर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शांति बहाली की गुहार लगाई है। भारत की ओर से जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी रेंजर मारा गया था और भारी नुकसान हुआ था। बीएसएफ के अनुसार इसी तबाही ने पाकिस्तान को शांति बहाली के लिए मजबूर किया। दो साल पहले भी अरनिया सेक्टर में पाकिस्तान की गोलाबारी से हुए नुकसान के बाद भारत ने कड़ा जवाब दिया था। जिससे सीमा पार भारी नुकसान हुआ था और पाकिस्तान ने तब भी बीएसएफ के आगे अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शांति स्थापित करने की गुहार लगाई थी।

पाकिस्तान ने इस साल अभी तक जम्मू कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर 700 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। इससे सुरक्षाबलों के 18 जवानों सहित कुल 38 लोगों की मौत हो चुकी है। कई बार हजारों लोग अपने घरों को छोड़ने के लिए विवश हुए हैं। जबकि सीमावर्ती क्षेत्रों में स्कूल आए दिन बंद रहते हैं। सीमा पर शांति बहाली के लिए कई बार फ्लैग बैठकें भी हो चुकी हैं, मगर कुछ दिन की शांति के बाद फिर पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आता। दो महीने पहले भी आरएसपुरा सेक्टर में कमांडर स्तर की फ्लैग बैठक हुई थी, जिसमें पाकिस्तान ने आश्वासन दिया था कि नागरिक स्थानों को निशाना नहीं बनाया जाएगा।

मगर पाकिस्तान ने फिर से अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर गोलाबारी की। इस बार तीन दिनों में ही पाकिस्तान ने हाथ खड़े कर दिए और बीएसएफ से शांति बहाली के लिए संपर्क किया। सरहद पर शांति, दहशत बरकरार सरहद पर पाकिस्तान की गोलाबारी से सीमांत गांवों में दहशत बरकरार है।

शुक्रवार तड़के हुई भारी गोलाबारी के बाद शनिवार और रविवार को शांति बनी रही। दो दिनों से सरहद पर शांति है, फिर भी लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। किसान भी अपने खेतों में नहीं जा रहे हैं। उन्हें डर सता रहा है कि कहीं पाकिस्तानी रेंजर्स उनको निशाना बनाकर गोलाबारी न शुरू कर दें।

पाकिस्तानी गोलाबारी से सरहद के पांच किलोमीटर क्षेत्र में स्थित करीब 42 गांवों पर असर पड़ा है। पूर्व नंबरदार जनक ने बताया कि आए दिन पाकिस्तानी रेंजर्स की गोलाबारी से लोग परेशान हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है। केंद्र सरकार को पाकिस्तान से बात करके सीमा पर तनाव कम करना चाहिए।

chat bot
आपका साथी