अब जम्मू शहर में वर्दी में नजर आएंगे सफाई कर्मी, पहचान करना होगा आसान Jammu News

अब निगम जहां अपने कर्मियों को वर्दी पहनने को अनवार्य बनाएगा वहीं जिन वार्डो में ठेकेदारों के जरिये सफाई कर्मचारी तैनात किए गए हैं उनको भी सख्त हिदायतें दी जाएंगी।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Mon, 02 Sep 2019 09:51 AM (IST) Updated:Mon, 02 Sep 2019 09:51 AM (IST)
अब जम्मू शहर में वर्दी में नजर आएंगे सफाई कर्मी, पहचान करना होगा आसान Jammu News
अब जम्मू शहर में वर्दी में नजर आएंगे सफाई कर्मी, पहचान करना होगा आसान Jammu News

जम्मू, जागरण संवाददाता। शहर में काम करने वाले सफाई कर्मचारी जल्द ही वर्दी में नजर आएंगे। नगर निगम केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद अन्य नियमों के लागू होने के साथ इस व्यवस्था को लाने की तैयारी कर चुका है। अगले पखवाड़े से कर्मचारियों के लिए वर्दी पहनना अनिवार्य कर दिया जाएगा। निगम को उम्मीद है कि जब तक यूटी के तौर तरीके शुरू होंगे, हमारे सफाई कर्मचारी व्यवस्था में आ जाएंगे।

निगम की पब्लिक हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी ने दो दिन पहले ही इस पर चर्चा कर सर्वसम्मति से निर्णय को लागू करने का फैसला लिया गया। हालांकि निगम पहले ही अपने सफाई कर्मचारियों को साल में दो बार वर्दियां जारी करता है लेकिन सख्ती के अभाव में सफाई कर्मचारी इसे पहनते ही नहीं थे। अब निगम जहां अपने कर्मियों को वर्दी पहनने को अनवार्य बनाएगा, वहीं जिन वार्डो में ठेकेदारों के जरिये सफाई कर्मचारी तैनात किए गए हैं, उनको भी सख्त हिदायतें दी जाएंगी।

कामकाज में पारदर्शिता आएगी

फिलहाल शहर में कोई भी सफाई कर्मचारी वर्दी में नजर नहीं आता। सुबह काम पर जुटे कर्मचारियों की पहचान आम व्यक्ति नहीं कर पाता। जब यह वर्दी में रहेंगे तो हर वार्ड में इनकी उपस्थिति दिखेगी। कामकाज में पारदर्शिता आएगी। कॉरपोरेटर की नजर भी अपने वार्ड में लगे कर्मचारियों पर रहेगी। निगम से मिलने वाली वर्दी का दुरुपयोग भी नहीं होगा। नगर निगम इन्हें वर्दी के लिए कपड़ा जारी करता है। इन्हें खुद वर्दी सिलवानी होती है।

हर वार्ड में सुबह सफाई कर्मचारी आते हैं लेकिन इनकी पहचान नहीं हो पाती। सिवाय स्थानीय सेनेटरी इंस्पेक्टर या अफसर इन्हें दूसरा नहीं पहचान पाता। जब सभी वर्दी में होंगे तो हर कोई समझ सकेगा कि यह हमारे वार्ड के जिम्मेदार कर्मी है। इससे इनका मान बढ़ेगा। जल्द ही शहर में हर सफाई कर्मी यूनिफार्म में नजर आएगा। कमेटी ने फैसला ले लिया है। पहले भी इन्हें वर्दियां मिलती थीं लेकिन यह पहनते नहीं थे। अब इन्हें वर्दी पहननी होगी। - बलदेव सिंह बलोरिया, चेयरमैन, पब्लिक हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी सफाई कर्मचारियों को वर्दी पहननी होगी। इसके लिए अब सख्ती की जाएगी। कमेटी ने फैसला लिया है। साल में दो बार वर्दियां जारी की जाती हैं। यह अच्छी व्यवस्था है। उम्मीद है कि सभी सफाई कर्मी शहर को साफ-सुथरा बनाने में सहयोग करेंगे। इस फैसले को मानते हुए वर्दी पहनना शुरू करेंगे। यूटी में जम्मू बदले स्वरूप नजर आएगा। हमारी कोशिश है कि शहर साफ-सुथरा व भिन्न दिखे। - डॉ. मोहम्मद सलीम खान, हेल्थ आफिसर, नगर निगम, जम्मू

सफाई कर्मचारियों की संख्या स्थायी : 679 एनजीओ : 637 कैजुअल : 818 आउट सोर्स : 538 

chat bot
आपका साथी