Lohri Festival 2021: जम्मू शहर में उल्लास से मनाया गया लोहड़ी का पर्व, दिखे संस्कृति के पारंपरिक रंग

बदलते मौसम का सूचक लोहड़ी पर्व को लेकर हर तरफ उत्साह दिखा। पहली लोहड़ी पर दुल्हनों को ससुराल व मायके वालों से काफी तोहफे मिले। लोहड़ी के दिन भी शहर के मुख्य बाजारों में लोग मूंगफली रेवड़ियां चिड़वे व गच्चक सूखे मेवे खील-बताशे बांटते रहे।

By Edited By: Publish:Thu, 14 Jan 2021 08:00 AM (IST) Updated:Thu, 14 Jan 2021 08:17 AM (IST)
Lohri Festival 2021: जम्मू शहर में उल्लास से मनाया गया लोहड़ी का पर्व, दिखे संस्कृति के पारंपरिक रंग
कई जगहों पर हाथों में छज्जे लिए बच्चे भी लोहड़ी मांगते नजर आए।

जम्मू, जागरण संवाददाता: खुशियों का त्योहार लोहड़ी बुधवार को शहर में उल्लास से मनाया गया। कोरोना के चलते पारंपरिक छज्जे और हरण आदि तो कुछ कम दिखे, लेकिन पारंपरिक रंग में यह पर्व उत्साह का एक अलग ही माहौल लेकर आया। वर्ष 2021 का यह पहला पर्व रहा, जिसकी मस्ती में हर कोई रंगा नजर आया। कई स्थानों पर लोहड़ी का सामूहिक आयोजन कर आहुतियां डाली गई।

पुराने शहर में कई स्थानों पर सुबह से शाम तक ढोल की थाप और डोगरी गीत सुनाई देते रहे। लोहड़ी की बधाइयां देने का सिलसिला मंगलवार रात से ही शुरू हो गया था। रात को लोगों ने पारंपरिक ढंग के साथ अग्निदेव को मूंगफली, रेवड़ी, चिड़वे, सूखे मेवे, पकवान, त्रिचोली के साथ अ‌र्घ्य दिया। बाजारों में भी लोहड़ी की रौनक बनी रही। लोग दिन भर रात को मनाई जाने वाली लोहड़ी की तैयारियों में जुटे रहे। लोगों ने एक दूसरे के घर जा कर भी बधाइयां दी। खासकर जिन घरों में बच्चा हुआ है या नई शादी हुई है, उन घरों में बहुत से युवा ढोल लेकर पहुंचे और बधाई दी।

यह सिलसिला दिन भर जारी रहेगा। परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के लिए लोगों ने दान पुण्य आदि भी किया। गौशाला अंबफला एवं मंदिरों के बाहर बैठे लोगों को भी लोगों ने खाना और ऊनी वस्त्र आदि दिए। पुराने शहर व उसके साथ लगते मोहल्लों में लोहड़ी के मौके पर युवाओं की टोलियों ने ढोल की थाप पर जमकर मस्ती की। बेशक कोरोना के चलते पिछले वर्षो जैसी रौनक नहीं रही। मस्ती करने एवं नाचने वाली टोलियां भी कम ही दिखी। कई जगहों पर हाथों में छज्जे लिए बच्चे भी लोहड़ी मांगते नजर आए।

बदलते मौसम का सूचक लोहड़ी पर्व को लेकर हर तरफ उत्साह दिखा। पहली लोहड़ी पर दुल्हनों को ससुराल व मायके वालों से काफी तोहफे मिले। लोहड़ी के दिन भी शहर के मुख्य बाजारों में लोग मूंगफली, रेवड़ियां, चिड़वे व गच्चक, सूखे मेवे, खील-बताशे बांटते रहे। वहीं, डोगरा ब्राह्मण प्रतिनिधि सभा लोहड़ी का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। ब्राह्मण सभा परेड के परिसर में एक समारोह का आयोजन किया गया। वहां सभा के पदाधिकारी और अन्य सामाजिक और संस्कृति संगठनों ने सामूहिक लोहड़ी मनाई।

वैदिक मंत्रों के साथ हवन और पूजन किया गया और धार्मिक विद्वानों द्वारा पुर्णाहुति डाली गई। इस मौके पर वेद प्रकाश शर्मा, चंद्र मोहन शर्मा, एमएस कटोच प्रेम शर्मा, सुभाष शास्त्री, गुरदास शर्मा, रामपाल सेठ आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी