Jammu Kashmir: नन्हीं बहनों ने बीएसएफ अधिकारियों व जवानों की कलाई पर बांधा प्यार का सूत्र

दैनिक जागरण के भारत रक्षा पर्व के तहत ऊधमपुर के विभिन्न स्कूलों में राखियां और राखी ग्रीटिंग कार्ड बनाने के कार्यक्रम व प्रतियोगिताएं आयोजित की। जिसमें स्कूल के विद्यार्थियों ने जवानों की कलाई पर बांधने के लिए सुंदर राखियां बनाने के साथ ही ग्रीटिंग कार्ड बनाए।

By Vikas AbrolEdited By: Publish:Wed, 10 Aug 2022 04:09 PM (IST) Updated:Wed, 10 Aug 2022 04:09 PM (IST)
Jammu Kashmir: नन्हीं बहनों ने बीएसएफ अधिकारियों व जवानों की कलाई पर बांधा प्यार का सूत्र
रौन दोमेल ऊधमपुर स्थित सहायक प्रशिक्षण केंद्र में टूआइसी सुरेंद्र सिंह को राखी बांधती कॉमन पब्लिक स्कूल की छात्रा।

ऊधमपुर, जागरण संवाददाता। सीमा सुरक्षा बल के रौन दोमेल ऊधमपुर स्थित सहायक प्रशिक्षण केंद्र में दैनिक जागरण के भारत रक्षा पर्व के तहत रक्षा बंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें कॉमन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों व शिक्षकों ने सीमा सुरक्षा बल के जवानों व अधिकारियों की कलाइयों पर शाश्वत प्रेम में लिपटी राखियां सजाई। अधिकारियों व जवानों की और से भी राखी बांधने वाली अपनी बहनों को उपहार दिए गए।

दैनिक जागरण के भारत रक्षा पर्व के तहत ऊधमपुर के विभिन्न स्कूलों में राखियां और राखी ग्रीटिंग कार्ड बनाने के कार्यक्रम व प्रतियोगिताएं आयोजित की। जिसमें स्कूल के विद्यार्थियों ने जवानों की कलाई पर बांधने के लिए सुंदर राखियां बनाने के साथ ही ग्रीटिंग कार्ड बनाए। बुधवार कॉमन पब्लिक स्कूल संगूर ऊधमपुर के विद्यार्थियों ने अपनी बनाई गई राखियों के साथ अन्य स्कूलों के ग्रीटिंग व राखी बॉक्स लेकर स्कूल से सीमा सुरक्षा बल के सहायक प्रशिक्षण केंद्र के लिए रवाना हुए। राखियों के साथ विद्यार्थियों को लेकर जाने वाले भारत रक्षा पर्व वाहन को स्कूल की प्रिंसिपल सुमन स्नेह ने स्कूल से झंडी दिखा कर रवाना किया।

सहायक प्रशिक्षण केंद्र में टूआइसी सुरेंद्र सिंह को राखी व ग्रीटिंग कार्ड सौंपती कॉमन पब्लिक स्कूल की शिक्षक शिपाली विरदी।

वहीं सीमा सुरक्षा बल के सहायक प्रशिक्षण केंद्र के सभागार में आइजी प्रदीप कत्याल के दिशा निर्देशों और सीओ बरिंद्र दत्ता की निगरानी में रक्षा बंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीमा सुरक्षा बल के एसटीसी के टूआइसी सुरिंद्र सिंह ने रक्षा बंधन के लिए आई कॉमन पब्लिक स्कूल की छात्राओं व शिक्षकों का स्वागत किया। इसके बाद स्कूल के विद्यार्थियो व शिक्षकों ने अधिकारियों व जवानों राखियों और ग्रीटिंग कार्ड के डिब्बे भेंट किए। जिसके बाद अधिकारियों ने ग्रीटिंग कार्ड खोल कर उनमें लिखे राखी संदेश पढ़े। जिसके बाद छात्राओं ने कार्यक्रम में मौजूद सभी अधिकारियों व जवानों की कलाई पर माथे पर मंगल तिलक लगा कर राखियां सजाई व उनकी दीर्घायु की कामना की।

बदले में अधिकारियों व जवानों नन्हीं बहनों को उपहार और प्यार दिया। इस अवसर पर अधिकारियों ने दैनिक जागरण के भारत रक्षा पर्व की सराहना करते हुए कहा कि देश की रक्षा के दायित्व के चलते बहुत कम जवान ही रक्षा बंधन पर घर जाकर राखी बंधवा पाते हैं। मगर दैनिक जागरण जवानों और अंजान बहनों के बीच एक सेतु की तरह काम कर सहायक प्रशिक्षण केंद्र में तैनात व प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सीमा सुरक्षा बल के जवानों रक्षा बंधन के पर्व को यादगार बनाया है। इस अवसर पर अधिकारियों व जवानों ने सभी को सुरक्षा का वचन भी दिया। अधिकारियों व जवानों ने कहा कि बच्चों की बनाई सुंदर राखियां और ग्रीटिंग कार्ड भावनाओं से भरे हैं। भारत रक्षा पर्व के कारण रक्षा बंधन का यह पर्व हर अधिकारी और जवान को सदा स्मरण रहेगा। इस अवसर स्कूल के गणित के शिक्षक गुलशन धिमान, अंग्रेजी की शिपाली विरदी व अन्य मौजूद थे।  

chat bot
आपका साथी