महिला और उसके पति से मारपीट के आरोप में वकील काबू

महिला से बदसलूकी के आरोप में वकील काबू

By JagranEdited By: Publish:Thu, 07 Nov 2019 08:09 AM (IST) Updated:Fri, 08 Nov 2019 06:43 AM (IST)
महिला और उसके पति से मारपीट के आरोप में वकील काबू
महिला और उसके पति से मारपीट के आरोप में वकील काबू

-कोर्ट से जमानत मिलने के बाद पुलिस ने छोड़ा

-वकील ने महिला के पति पर उससे मारपीट का भी दर्ज करवाया मामला

जागरण संवाददाता, जम्मू : सिदड़ा इलाके में रहने वाली महिला ने एक वकील पर उससे बदसलूकी व मारपीट करने का आरोप लगाया है। आरोप की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वकील को दबोच लिया, लेकिन कुछ ही देर में वकील को कोर्ट से जमानत मिलने के बाद पुलिस ने वकील को छोड़ दिया। वहीं, वकील ने शिकायतकर्ता महिला के पति पर उससे मारपीट करने का मामला भी नगरोटा पुलिस थाने में दर्ज करवाया है। पुलिस दोनों शिकायतों की जांच में जुट गई है।

यह घटना गत मंगलवार देर रात की है। सिदड़ा इलाके में बने निजी फ्लैट्स की पार्किंग में वकील राजेंद्र सिंह जम्वाल की पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी राजेंद्र कुमार चोपड़ा और उनकी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। महिला शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि वकील राजेंद्र सिंह जम्वाल ने उनसे और उनके पति के साथ पहले धक्कामुक्की और फिर मारपीट की। इस घटना में महिला को चोटें भी आई। महिला ने वकील पर उसके साथ बदसलूकी करने का आरोप भी लगाया। घटना के बाद दंपत्ति सीधे सिदड़ा पुलिस चौकी में वकील की शिकायत करने पहुंच गए। पुलिसकर्मी महिला को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले गए। उसके बयान के बाद पुलिस ने वकील के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया। वहीं, वकील राजेंद्र सिंह जम्वाल ने राजेंद्र कुमार चोपड़ा पर उसका रास्ता रोककर मारपीट करने का मामला दर्ज करवाया। सब डिवीजन पुलिस आफिसर (एसडीपीओ) नगरोटा मोहन शर्मा के अनुसार पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए वकील राजेंद्र सिंह को पकड़ा लिया था, लेकिन कुछ ही देर में जमानत मिल जाने पर उसे रिहा कर दिया गया। पुलिस आरोपों की सच्चाई का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

chat bot
आपका साथी