जेएंडके में भाजपा की मुश्किल बढ़ाने को लाल सिंह तैयार, जम्मू की संसदीय सीटों से अपने उम्मीदवार उतारेंगे

चौधरी लाल सिंह भाजपा को स्पष्ट संदेश दे रहे थे कि उन्हें संसदीय चुनाव में पार्टी का उम्मीदवार बनाया जाए।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Tue, 05 Feb 2019 12:46 PM (IST) Updated:Tue, 05 Feb 2019 12:46 PM (IST)
जेएंडके में भाजपा की मुश्किल बढ़ाने को लाल सिंह तैयार, जम्मू की संसदीय सीटों से अपने उम्मीदवार उतारेंगे
जेएंडके में भाजपा की मुश्किल बढ़ाने को लाल सिंह तैयार, जम्मू की संसदीय सीटों से अपने उम्मीदवार उतारेंगे

जम्मू, राज्य ब्यूरो। स्थानीय निकाय व पंचायती चुनाव में अपने उम्मीदवार उतार कर कड़े तेवर दिखाने वाले बसोहली के पूर्व विधायक चौधरी लाल सिंह का डोगरा स्वाभिमान संगठन भाजपा के खिलाफ संसदीय चुनाव लड़ेगा। दो बार कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में उधमपुर-डोडा संसदीय सीट जीत चुके भाजपा के पूर्व विधायक की संसदीय चुनाव लड़ने की तैयारी ने जम्मू कश्मीर में भाजपा की मुसीबत को बढ़ा दिया है।

भाजपा इस समय जम्मू की दोनों व लद्दाख की एक सीट जीतने के लिए एढ़ी चौटी का जोर लगा रही है। ऐसे हालात में उधमपुर-डोडा क्षेत्र में खासा प्रभाव रखने वाले चौधरी लाल सिंह के भाजपा के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी भाजपा के लिए खतरे की घंटी है। अभी चौधरी सिंह ने इसकी औपचारिक घोषणा नही की है। चौधरी लाल सिंह भाजपा को स्पष्ट संदेश दे रहे थे कि उन्हें संसदीय चुनाव में पार्टी का उम्मीदवार बनाया जाए। तीन फरवरी को जम्मू के विजयपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महारैली में शामिल न होकर उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर कर दी थी।

अब उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वह भाजपा के खिलाफ अपने उम्मीदवार उतारेंगे। चौधरी लाल सिंह जिस उधमपुर-डोडा संसदीय क्षेत्र के दो बार सांसद रहे चुके हैं वह अब प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डा जितेन्द्र सिंह का संसदीय क्षेत्र है। जितेन्द्र सिंह कांग्रेस के उम्मीदवार गुलाम नबी आजाद को पराजित कर उधमपुर डोडा से भाजपा के सांसद बने थे। जितेन्द्र सिंह वर्ष 2019 के संसदीय चुनाव में भी इस सीट के प्रबल दावेदार हैं। ऐसे में अगर चौधरी लाल सिंह बागी तेवर दिखाते हैं तो भाजपा का वोट विभाजित हो सकता है।

चौधरी लाल सिंह ने जागरण को बताया कि वह जम्मू को इंसाफ दिलाने के मुद्दे को लेकर संसदीय चुनाव में उतरेंगे। उनका संगठन जम्मू-पुंछ व उधमपुर डोडा संसदीय क्षेत्र से अपने उम्मीदवार उतारेगा। उनका कहना है राजनीतिक पार्टियों ने झूठे वायदे कर जम्मू वासियाें के वोट को लिए लेकर इंसाफ नही किया। अब उनका दल डोगरों की शान को ऊंचा रखने वाले सच्चे व ईमानदार उम्मीदवार मैदान में उतारेगी। उन्होंने बताया कि संगठन ने जम्मू को इंसाफ दिलाने के लिए 25 सूत्रीय कार्यक्रम बनाया है।

चौधरी लाल गत वर्ष रसाना कांड में सीबीआई की जांच करने के मुद्दे पर मैदान में आ गए थे। इस मामले के तूल पकड़ने पर भाजपा ने उन्हें कैबिनेट मंत्री के पद से हटा दिया था। इसके बाद चौधरी लाल सिंह ने डोगरा स्वाभिमान संगठन बनाकर रसाना मामले को लेकर अभियान तेज कर दिया था। हालांकि शुरू में उनका संगठन गैर राजनीतिक था लेकिन स्थानीय निकाय, पंचायत चुनाव में अपने उम्मीदवार उतार कर चौधरी लाल सिंह ने संगठन के सक्रिय राजनीति में आने के संकेत दे दिए थे। अब संसदीय, विधानसभा चुनाव की आहट पर उन्होंने अपने पत्ते खोल दिए हैं।

वहीं दूसरी ओर प्रदेश भाजपा चौधरी लाल सिंह को मिलाने के लिए अभी भी प्रयास कर रही है। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना चौधरी लाल सिंह के संपर्क में है। कुछ समय पहले रविन्द्र रैना व चौधरी लाल सिंह ने दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ भेंट भी की थी। ऐसे हालात में सोमवार को जम्मू में रविन्द्र रैना ने स्पष्ट किया था कि चौधरी लाल सिंह अभी भाजपा में भी है। ऐसे में यह कोशिश भी हो रही है कि अमित शाह की 24 फरवरी को जम्मू में चौधरी लाल सिंह से फिर बैठक करवाई जाए।

chat bot
आपका साथी