लद्दाखी युवाओं का गर्मियों में खत्म होगा नौकरियों के लिए इंतजार, इस साल भरे जाने हैं रिक्त पड़ें 22 हजार पद

आयुक्त सचिव अजीत कुमार साहू ने भर्ती अभियान को लेकर सेवा भर्ती बोर्ड को समय पर सारी तैयारियां करने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि भर्ती बोर्ड को सौंपे गए पदों को भरने के लिए आवेदन भरने की प्रक्रिया 10 मई को शुरू होकर 9 जून तक जारी रहेगी।

By Vikas AbrolEdited By: Publish:Wed, 19 Jan 2022 08:10 PM (IST) Updated:Wed, 19 Jan 2022 08:10 PM (IST)
लद्दाखी युवाओं का गर्मियों में खत्म होगा नौकरियों के लिए इंतजार, इस साल भरे जाने हैं रिक्त पड़ें 22 हजार पद
लद्दाख प्रशासन मई महीने से सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है।

जम्मू, विवेक सिंह। लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद बेहतर भविष्य की उम्मीद लगाने वाले युवाओं का सरकारी नाैकरियों के लिए इंतजार गर्मियों के महीनों में खत्म हो जाएगा। लद्दाख प्रशासन ने विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े बाइस हजार राजपत्रित, गैर राजपत्रित पदों को भरने के लिए तैयारी कर ली है।

लद्दाख प्रशासन मई महीने से सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। रिक्त पदों के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया जून महीने में चलेगी व जुलाई महीने में इन्हें भरने के लिए प्रतियोगी परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। प्रशासन ने लेह व कारगिल के युवाआें काे जल्द शुरू होने वाली इस भर्ती प्रक्रिया के लिए अभी से तैयारी शुरू करने की सलाह दी है।

लद्दाख के आयुक्त सचिव अजीत कुमार साहू ने भर्ती अभियान को लेकर सेवा भर्ती बोर्ड को समय पर सारी तैयारियां करने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि भर्ती बोर्ड को सौंपे गए पदों को भरने के लिए आवेदन भरने की प्रक्रिया 10 मई को शुरू होकर 9 जून तक जारी रहेगी। इसके बाद जुलाई महीने में प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। भर्ती की प्रक्रिया को लेकर युवा बोर्ड से कोई भी जानकारी हासिल कर सकते हैं।

जम्मू कश्मीर के पुनर्गठन के बाद सरकारी पदों के समायोजन के दौरान लद्दाख को अपने हिस्से के 19878 पद मिले थे। अभी लद्दाख को अपने हिस्से के 104 राजपत्रित व 382 गैर राजपत्रित पद मिलना बाकी हैं। ये पद मिलने के बाद खाली पदों की संख्या 23,000 हो जाएगी। इन सभी पदों को भरा जाना है। सेवा भर्ती बोर्ड को डिवीजनल कैडर के 1031 पद भरने के निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके साथ 800 पदों को जिला स्तर पर भरा जा रहा है। लद्दाख सेवा भर्ती बोर्ड को पुलिस विभाग में भी 213 पद भरने हैं।

केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद से लद्दाख में सरकारी नौकरियां देना एक बहुत बड़ा मुद्दा है। भाजपा विराेधी दल भी लद्दाख में रोजगार का मुद्दा बना रहे हैं। ऐसे हालात में वर्ष 2021 के अंत में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लद्दाख के युवाओं के लिए 22 हजार सरकारी नौकरियों का क्षेत्र के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा रोजगार पैकेज देने का फैसला किया है। इस दिशा में कार्यवाही के चलते इस समय क्षेत्र के सरकारी विभाग खाली पड़े पदों के बारे में सेवा भर्ती बोर्ड को जानकारी दे रहे हैं।

हर दूसरे घर में एक युवा को मिलेगी नौकरी

लद्दाख में बाइस हजार के करीब सरकारी नौकरियां मिलने के साथ क्षेत्र के बेरोजगारों की एक पुरानी मांग पूरी हो जाएगी। जम्मू कश्मीर के पुनर्गठन से पहले लद्दाख कश्मीर संभाग का हिस्सा था। ऐसे में क्षेत्र के युवाओं को रोजगार में हक नही मिलता था। अब केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद लद्दाख में पहली बार क्षेत्र के लोगों की भर्ती के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलना है। लद्दाख में बेरोजगारों की संख्या भी हजारों में है। ऐसे में प्रशासन का दावा है कि इस भर्ती अभियान से लद्दाख में हर दूसरे घर में एक युवा को उसकी योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी मिलेगी। चरणबद्ध तरीके से लद्दाख के लेह व कारगिल जिलों के सरकारी विभागों में रिक्त पड़े पदों को भरा जाएगा।

डेपुटेशन पर लद्दाख में काम चला रहे हैं जेएंडके के कर्मी

लद्दाख में विभागों में अधिकारियों व कर्मचारियों की कमी से कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए जम्मू कश्मीर से अधिकारियों व कर्मचारियों को डेपुटेशन पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।

लद्दाख व जम्मू कश्मीर प्रशासन समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं। ऐसे में विभाग की जरूरत के हिसाब से जम्मू कश्मीर के विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को लेह व कारगिल में भेजकर काम चलाया जा रहा है। ऐसे में लद्दाख में रोजगार अभियान से खाली पदों को भरे जाने के बाद जम्मू कश्मीर से कर्मचारियों को लद्दाख भेजने की भी जरूरत नही रहेगी।

chat bot
आपका साथी