जम्मू नगर निगम ने अवैध होर्डिंग के खिलाफ चलाया अभियान, 435 होर्डिंग जब्त

जम्मू नगर निगम ने शहर में अवैध तरीके से लगे होर्डिंग बैनर व पोस्टर हटाने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान निगम की टीम ने 435 अवैध होर्डिंग के अलावा करीब पांच टाटा मोबाइल भरकर विज्ञापन सामग्री को जब्त किया।

By VikasEdited By: Publish:Tue, 24 Nov 2020 06:13 PM (IST) Updated:Tue, 24 Nov 2020 06:13 PM (IST)
जम्मू नगर निगम ने अवैध होर्डिंग के खिलाफ चलाया अभियान, 435 होर्डिंग जब्त
जम्मू नगर निगम ने शहर में अवैध तरीके से लगे होर्डिंग, बैनर व पोस्टर हटाने के लिए अभियान चलाया।

जम्मू, जागरण संवाददाता । जम्मू नगर निगम ने शहर में अवैध तरीके से लगे होर्डिंग, बैनर व पोस्टर हटाने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान निगम की टीम ने 435 अवैध होर्डिंग के अलावा करीब पांच टाटा मोबाइल भरकर विज्ञापन सामग्री को जब्त किया। निगम आयुक्त अवनी लवासा के निर्देशों पर ज्वाइंट कमिश्नर आशीष कुमार व सचिव टीना महाजन की अध्यक्षता में पिछले कुछ दिनों में निगम ने यह अभियान चलाया। शहर के जानीपुर, बनतालाब, बरनाई, रूपनगर, डोगरा हाल, न्यू प्लाट, कच्ची छावनी, पंजतीर्थी, परेड, एक्सचेंज रोड, रेजीडेंसी रोड, रिहाड़ी कालोनी, भगवती नगर, अम्बफला, अखनूर रोड, तालाब तिल्लो, बोहड़ी, पलौड़ा, बख्शी नगर, नानक नगर, गांधी नगर, सैनिक कालोनी व ज्यूल इलाके से यह अवैध होर्डिंग, बैनर व पोस्टर उतारे गए। यह अवैध होर्डिंग, साइनबार्ड, बैनर और पोस्टर शहर की खूबसूरती बिगाड़ रहे थे। जेएंडके म्यूनिसिपल एक्ट 2000 के तहत यह कार्रवाई की गई।

सचिव टीना महाजन ने कहा कि एक्ट के तहत ऐसा करने वालों को पांच हजार रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। इतना ही प्रतिदिन एक हजार रुपये के हिसाब से जुर्माने को बढ़ाया भी जा सकता है। बिना निगम की अनुमति के कहीं भी विज्ञापन सामग्री का प्रदर्शन अवैध है। निगम ने लोगों से अपील की कि ऐसे होर्डिंग, बैनर, पोस्टर, साइनबोर्ड आदि खुद उतार दें। अन्यथा निगम दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने को मजबूर हो जाएगा। निगम ने शहर को साफ-सुथरा बनाने और इसके सौंदर्यीकरण को बनाए रखने के लिए भी सहयोग की अपील की। कंपनियां भी बिना अनुमति के किसी प्रकार के हाेर्डिंग, विज्ञापन सामग्री सरकारी दीवारों, इमारतों पर चसपा न करें।

chat bot
आपका साथी