जम्मू बंद का प्रचार कर रहे हर्षदेव नजरबंद

राज्य ब्यूरो जम्मू कार्यकर्ताओं समेत सात लोगों को पक्का डंगा पुलिस थाने में रखा था हिरासत में इतिश्तहार बांटकर आज जम्मू बंद का कर रहे थे प्रचार

By JagranEdited By: Publish:Sat, 07 Dec 2019 09:27 AM (IST) Updated:Sat, 07 Dec 2019 09:27 AM (IST)
जम्मू बंद का प्रचार कर रहे हर्षदेव नजरबंद
जम्मू बंद का प्रचार कर रहे हर्षदेव नजरबंद

राज्य ब्यूरो, जम्मू : शहर में इश्तिहार बांटकर जम्मू बंद का समर्थन जुटा रहे पैंथर्स पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह, प्रधान बलवंत सिंह मनकोटिया समेत सात कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हालांकि, रात साढ़े आठ बजे सभी कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया गया, लेकिन हर्षदेव सिंह को उनके घर में में नजरबंद कर दिया गया है। पुलिस का पहरा उनके आवास के बाहर बिठा दिया गया है। जम्मू कश्मीर में मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद होने, सरोर में टोल प्लाजा, महंगाई समेत अन्य मुद्दों को लेकर पैंथर्स पार्टी ने सात दिसंबर को जम्मू बंद का आह्वान किया है। पार्टी को कुछ संगठनों का समर्थन भी मिला है।

जम्मू बंद का समर्थन जुटाने के लिए हर्षदेव सिंह, बलवंत सिंह मनकोटिया, गगन प्रताप सिंह व कुछ कार्यकर्ताओं के साथ जब कच्ची छावनी के आगे रेडियो कॉलोनी के बाहर पहुंचे और जम्मू बंद के समर्थन में नारेबाजी की तो पुलिस ने उन्हें घेर लिया। पार्टी कार्यकर्ता ऑटो पर स्पीकर लगाकर भी जम्मू बंद की घोषणा कर रहे थे। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को पकड़ लिया। इस बीच धक्कामुक्की में हर्षदेव सिंह व कुछ कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें भी आई। पुलिस ने हर्षदेव सिंह समेत सात कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और पक्का डंगा पुलिस थाने में ले गई।

पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में पक्का डंगा पुलिस थाना के बाहर पैंथर्स के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और पार्टी नेताओं को रिहा करने की मांग की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि गैर लोकतांत्रिक ढंग से नेताओं को हिरासत में रखा गया है। नेता और कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से जम्मू बंद के लिए समर्थन मांग रहे थे।

इससे पहले हर्षदेव सिंह ने विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार ने मोबाइल इंटरनेट अनिश्चितकालीन समय के लिए बंद कर दिया गया है। यह नहीं बताया जा रहा है कि कब यह प्रतिबंध हटाया जाएगा। सरोर में टोल प्लाजा को बंद करने की मांग काफी समय से की जा रही है। वाहनों पर नौ प्रतिशत से बढ़ाकर ग्यारह प्रतिशत टैक्स कर दिया गया है। महंगाई के दौर में आम लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि जम्मू बंद को विभिन्न संगठनों का समर्थन मिल रहा है। संगठनों के प्रतिनिधियों ने एक प्रस्ताव पारित कर कहा कि मोबाइल इंटरनेट सेवा को बहाल किया जाए। सरोर टोल प्लाजा को बंद किया जाए। महंगाई पर काबू पाया जाए। भीम सिंह ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र

इस बीच पार्टी के मुख्य संरक्षक प्रो. भीम सिंह ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविद को पत्र लिखकर आग्रह किया कि जम्मू बंद के लिए समर्थन जुटा रहे पैंथर्स कार्यकर्ताओं को रिहा किया जाए। उन्होंने राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने पर हिरासत में लिया जाना गलत है। गिरफ्तारी असंवैधानिक है। जम्मू कश्मीर में नजरबंद सभी राजनीतिक नेताओं की रिहाई की जाए।

कांग्रेस ने मांगों का किया समर्थन

राज्य ब्यूरो, जम्मू : प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मोबाइल इंटरनेट सेवा को बहाल करने की पैंथर्स पार्टी की मांग का समर्थन किया है। साथ ही पैंथर्स पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह समेत कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने की आलोचना की है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रविद्र शर्मा ने कहा कि लंबे समय तक मोबाइल इंटरनेट सेवा को बंद रखना और जम्मू में टोल प्लाजा स्थापित करके बोझ डालना किसी भी हाल में उचित नहीं है। मनरेगा के तहत एक हजार करोड़ की बकाया राशि जारी है जिसका निपटारा नहीं किया जा रहा। कांग्रेस इन मुद्दों पर हो रहे प्रदर्शन का समर्थन करती है। हालांकि, कांग्रेस ने सीधे तौर पर नहीं लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से सात दिसंबर के जम्मू बंद का समर्थन किया है। पार्टी ने बचते हुए कहा कि पैंथर्स और अन्य संगठनों के नेताओं की मांगें पूरी तरह से जायज हैं और कांग्रेस इनका समर्थन करती है।

chat bot
आपका साथी