सतवारी चौक बनने लगा सिरदर्द, वाहनों का जाम बिगाड़ रहा हाल

जम्मू एयरपोर्ट के नजदीक का इस चौक की हालत यह है कि यहां लगी ट्रैफिक लाइट करीब दो मिनट के लिए रेड होती है तो वाहनों का जाम शास्त्री नगर चौक के नजदीक तक पहुंच जाता है।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Wed, 20 Mar 2019 11:49 AM (IST) Updated:Wed, 20 Mar 2019 11:49 AM (IST)
सतवारी चौक बनने लगा सिरदर्द, वाहनों का जाम बिगाड़ रहा हाल
सतवारी चौक बनने लगा सिरदर्द, वाहनों का जाम बिगाड़ रहा हाल

जम्मू, जागरण संवाददाता। शहर का सतवारी चौक जाम का पर्याय बन चुका है। सतवारी में वाहन रेंगने को मजबूर हो जाते हैं। यहां लगाई गई ट्रैफिक लाइट राहत देने के बजाय परेशानी का सबब बनने लगी है। अब तो लोग सतवारी जिसे गांधी चौक भी कहते हैं, में जाने से भी कतराते हैं। यहां अब फ्लाईओवर बनाने की मांग उठ रही है।

सतवारी शहर का सर्वाधिक व्यस्त चौक है। हर एक मिनट में 300 के करीब वाहनों की आवाजाही यहां होती है। जम्मू एयरपोर्ट के नजदीक का इस चौक की हालत यह है कि यहां लगी ट्रैफिक लाइट करीब दो मिनट के लिए रेड होती है तो वाहनों का जाम शास्त्री नगर चौक के नजदीक तक पहुंच जाता है। वहीं सतवारी-आरएसपुरा मार्ग पर भी इस कारण वाहनों का जाम लग जाता है। नई बस्ती की ओर से भी वाहनों का जाम लगना आम बात हो गई है। बहुत से लोग अब सतवारी में घुसने के बजाय नई बस्ती से होकर अशोक नगर व शास्त्री नगर का रूट ले रहे हैं।

ऐसे ही जम्मू के अन्य मुहल्लों में जाने के लिए भी लोग इस चौक में जाम को देखकर इंडस्ट्रियल इस्टेट, शास्त्री नगर, डिग्याना आश्रम से मुहल्लों के बीच से निकलना पसंद कर रहे हैं। यह स्थिति साल दर साल विकट होती जा रही है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष ज्यादा वाहन चौक में खड़े दिखने लगे हैं। वाहनों की बढ़ती संख्या और सिकुड़ते मार्ग के कारण चौकों में बोझ बढ़ा है। चूंकि सतवारी शहर का प्रमुख चौक है। अधिकतर वाहन यहां से निकलते हैं। इस कारण समस्या बढ़ गई है।

क्या कहते हैं लोग

‘सतवारी स्थित गांधी चौक में आए दिन वाहनों का जाम सिरदर्द बन गया है। रोजाना की समस्या बन चुके इस चौक में फ्लाईओवर व सब-वे की जरूरत है। वाहनों की संख्या बढ़ती जा रही है। जल्द समाधान किया जाना चाहिए।’ -अश्विनी हांडा ‘फ्लाईओवर को सतवारी चौक तक बढ़ाना समय की जरूरत है। सुबह से शाम तक अब यह चौक वाहनों के जाम से पटा रहता है। ट्रैफिक लाइट लगने से राहत कम मिली, समस्या और बढ़ गई है। राज्यपाल प्रभावी कदम उठाएं।’ -अमित भाटिया ‘बड़ी बार ऐसा होता है कि एयरपोर्ट जाने वाले यात्री यहां फंस जाते हैं। एयरपोर्ट तक सिंगल लेन फ्लाई ओवर बनना चाहिए। ऐसे ही एक लेन फ्लाई ओवर कुंजवानी चौक तक जाना चाहिए। इससे वाहनों का जाम खत्म हो जाएगा।’ -तरुण चौधरी ‘नई बस्ती व आसपास के इलाकों में भी वाहनों का जाम बढ़ रहा है। सतवारी चौक में जाम होने के चलते लोग बीच के रास्ते अपनाते हैं। इस कारण इन छोटी सड़कों पर जाम लगने लगे हैं। समस्या बढ़ती जा रही है। जल्द समाधान किया जाए।’ -राजेश गुप्ता ‘सतवारी चौक में जाम बढ़ती ट्रैफिक का नतीजा है। सड़कें कम हो गई हैं। अब सड़कों को बनाने की दिशा में काम करने की जरूरत है। यहां फ्लाईओवर व सब-वे बनवाने पर जोर दिया जाएगा। वाहनों का जाम कम करने के लिए रिंग रोड का प्रोजेक्ट सार्थक साबित होगा लेकिन वो काम भी धीमी गति से चल रहा है। राज्यपाल को ट्रैफिक समस्या पर ध्यान देना होगा। हमने मसले को अधिकारियों से उठाया है।’ -पवन सिंह, कॉरपोरेटर  
chat bot
आपका साथी