अलविदा कश्मीर, अगली बार फिर आएंगे; देश भर से आए खिलाड़ी बोले, यहां का माहौल शांत और लोग अमन पसंद

मध्यप्रदेश की क्रिया शर्मा ने कहा कि अल्पाइंग स्कीइंग में भाग लेकर बहुत अच्छा लगा। मौका मिला तो अगली बार फिर यहां आएंगे।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Fri, 13 Mar 2020 11:14 AM (IST) Updated:Fri, 13 Mar 2020 11:14 AM (IST)
अलविदा कश्मीर, अगली बार फिर आएंगे; देश भर से आए खिलाड़ी बोले, यहां का माहौल शांत और लोग अमन पसंद
अलविदा कश्मीर, अगली बार फिर आएंगे; देश भर से आए खिलाड़ी बोले, यहां का माहौल शांत और लोग अमन पसंद

गुलमर्ग (बारामुला), पांपोश रशीद : 'वाकई, कश्मीर की खूबसूरती का कोई सानी नहीं। यहां के बारे में जिनता सुना था, उससे कहीं ज्यादा खूबसूरत पाया। पहली बार बर्फ से ढकी वादियों को देखने का मौका मिला। कश्मीर के बारे में जितना डराया जा रहा था, वैसा यहां कुछ नहीं। नया जम्मू कश्मीर शांत और यहां के लोग अमन पसंद हैं। यहां के लोगों से मिला प्यार और मेहमाननवाजी को ताउम्र याद रखेंगे। अगले साल भी खेलों में दमखम दिखाने जरूर आएंगे। कश्मीर के गुलमर्ग में खेलो इंडिया खेलो के तहत पांच दिवसीय राष्ट्रीय शीतकालीन प्रतियोगिता में देश के करीब 20 राज्यों से आए 850 से ज्यादा खिलाड़ियों ने भाग लिया।

अनुच्छेद 370 हटने और केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद यहां पहली बार खेलों का इतना बड़ा आयोजन किया गया। खेलों के शुरुआत में सभी खिलाड़ियों ने जहां रात को बर्फ पर एक साथ मशालें जलाकर कश्मीर से पूरी दुनिया में शांति का संदेश दिया। वहीं, शून्य के आसपास तापमान में बर्फ के मैदान पर और हिमपात के बीच बेसबाल, रग्बी, क्रास कंट्री जैसे खेलों में दमखम दिखाया। जम्मू कश्मीर प्रशासन की ओर से भी खिलाडिय़ों को कश्मीर की संस्कृति से रूबरू करवाने के लिए लोकगीतों व व्यंजन आदि का भी प्रबंध किया गया था। पिछले गुरुवार को हुए समापन समारोह में पदक पाने से कहीं ज्यादा खिलाडिय़ों और उनके कोच को इस बात की खुशी थी कि वे कश्मीर की हसीन यादें लेकर वापस जा रहे हैं। सभी खिलाड़ी जम्मू कश्मीर के शांत माहौल से खासे प्रभावित नजर आए।

अच्छा नहीं सुना था : राजस्थान से आई बेसबाल टीम के कोच अस्थाना ने कहा कि पुरुष वर्ग में उनकी टीम ने सिल्वर मेडल व महिला वर्ग में ब्रांज मेडल हासिल किया। उन्होंने कहा कि हमने सुना था कि कश्मीर का माहौल बेहद ठीक नहीं है, लेकिन यहां आकर ऐसा कुछ नहीं लगा। यहां के लोग हमने बहुत प्यास से मिले। सभी खिलाड़ी खुश हैं। यहां की सरकार का भी आभार।

मैंने पहली बार बर्फ देखी : कर्नाटक की एथलीट भवानी ने कहा कि हमारे वहां बर्फ नहीं होती है, यहां आकर पहली बार बर्फ देखी। यहां का माहौल और खूबसूरती वाकई दिल को छू लेने वाली है। पांच किलोमीटर में हमने ब्रांज मेडल जीता। अगली बार और तैयारी करके आएंगे।

अगली बार फिर यहां आएंगे : मध्यप्रदेश की क्रिया शर्मा ने कहा कि अल्पाइंग स्कीइंग में भाग लेकर बहुत अच्छा लगा। मौका मिला तो अगली बार फिर यहां आएंगे। वहीं लद्दाख की लाडो ने कहा कि उसने क्रॉस कंट्री में पांच किलोमीटर और पांच किलोमीटर में सिल्वर मेडल जीता है। यहां आए लगभग सभी खिलाडिय़ों ने कहा कि जितना बढिय़ा खेलों का आयोजन हुआ, उतना ही यहां का शांत माहौल भी पसंद आया। बाय-बाय कश्मीर, अगली बार फिर आएंगे।

chat bot
आपका साथी