Jammu Kashmir : आजाद समर्थकों ने पार्टी प्रमुख को लिखा पत्र, कहा- आजाद ही लगा सकते हैं कांग्रेस की नैया पार

आजाद के करीबियों ने कथित तौर पर कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी को एक पत्र भी लिखा है। इसमें साफ कहा गया कि अगर कांग्रेस को जम्मू कश्मीर में अपना अस्तित्व बचाना है तो आजाद को वापस प्रदेश की सियासत में लाना होगा।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Fri, 20 May 2022 10:09 AM (IST) Updated:Fri, 20 May 2022 10:09 AM (IST)
Jammu Kashmir : आजाद समर्थकों ने पार्टी प्रमुख को लिखा पत्र, कहा- आजाद ही लगा सकते हैं कांग्रेस की नैया पार
आजाद के बिना कांग्रेस विधानसभा चुनावों में जीत की उम्मीद नहीं की जा सकती।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : राजस्थान के उदयपुर में हाल ही में कांग्रेस का चिंतन शिविर समाप्त होने के बाद उम्मीद थी कि जम्मू कश्मीर में पार्टी में जारी अंतर्कलह भी समाप्त हो जाएगी, लेकिन नहीं हो पाई। पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद के करीबी माने जाने वाले प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष जीए मीर को हटाने के लिए आलाकमान पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। वह चाहते हैं कि आजाद को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपी जाए। उनके ही नेतृत्व में जम्मू कश्मीर में निकट भविष्य में संभावित विधानसभा चुनाव लड़ा जाए।

आजाद के करीबियों ने कथित तौर पर कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी को एक पत्र भी लिखा है। इसमें साफ कहा गया कि अगर कांग्रेस को जम्मू कश्मीर में अपना अस्तित्व बचाना है तो आजाद को वापस प्रदेश की सियासत में लाना होगा। उनके बिना कांग्रेस विधानसभा चुनावों में जीत की उम्मीद नहीं की जा सकती।

हर वर्ग करता है पसंद : मोंगा - प्रदेश कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष जीएन मोंगा ने कहा कि आजाद ही प्रदेश कांग्रेस में एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिन्हें प्रदेश के हर हिस्से में, हर वर्ग के लोग पसंद करते हैं। वह सभी को साथ लेकर चलने में समर्थ हैं। मौजूदा अध्यक्ष सिर्फ अपने क्षेत्र तक ही सीमित हैं या फिर ऐसे लोगों की चंगुल में हैं जिनका प्रदेश में कोई जनाधार नहीं है।

सभी को साथ लेकर चलते हैं :  पूर्व विधायक जीएम सरूरी ने कहा कि आज कांग्रेस पूरी तरह से दिशाहीन नजर आती है। हम जम्मू कश्मीर में मौजूदा परिस्थितियों में सही तरीके से आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। आजाद प्रदेश के हर हिस्से की, हर वर्ग की नब्ज को पहचानते हैं। उन्होंने यहां कई लोगों को आगे बढ़ाया। वह गुटबाजी में नहीं बल्कि सभी को साथ लेकर चलते हैं। अगर उनके बिना चुनाव लड़ा गया तो शायद ही चार पांच सीटें मिलें।

उनके बिना कांग्रेस शून्य : दक्षिण कश्मीर में शांगस के पूर्व विधायक मोहम्मद अमीन ने कहा कि आजाद ने मेरे जैसे कई नेताओं को आगे बढ़ाया है। जम्मू कश्मीर कांग्रेस में अगर आज कुछ युवा चेहरे नजर आते हैं तो वह उनके कारण हैं। वह प्रदेश के हर शहर और कस्बे में लोगों के साथ लगातार संपर्क में रहते हैं। उन्हें जम्मू कश्मीर में कोई भी किसी क्षेत्र विशेष का नेता नहीं कहता, सभी उन्हें पूरा सम्मान देते हैं। उनके बिना यहां कांग्रेस शून्य ही है। अगर आप गठबंधन की सियासत की बात करेंगे तो उस स्थिति में भी वही कांग्रेस के हितों को सुनिश्चित बना सकते हैं।

प्रवक्ता बोले-मीर योग्य नेता : प्रदेशाध्यक्ष जीए मीर से संपर्क करना चाहा तो वह उपलब्ध नहीं हो पाए। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रङ्क्षवद्र शर्मा ने कहा कि जीए मीर एक योगय नेता हैं। आजाद की नेतृत्व कार्यकुशलता पर भी किसी को संदेह नहीं है। कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। प्रदेशाध्यक्ष का फैसला सिर्फ आला कमान ही करेगी। 

chat bot
आपका साथी