रतनूचक्क में मिले शव की पहचान हुई, प्राथमिक जांच में दम घुटने से मौत होने की आशंका जताई

पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है कि संतोख ने शक के आधार पर हरजीत सिंह की हत्या तो नहीं की और शव को बाद में बिस्तर के अंदर छिपा दिया हो।

By Edited By: Publish:Fri, 11 Oct 2019 07:09 AM (IST) Updated:Fri, 11 Oct 2019 11:51 AM (IST)
रतनूचक्क में मिले शव की पहचान हुई, प्राथमिक जांच में दम घुटने से मौत होने की आशंका जताई
रतनूचक्क में मिले शव की पहचान हुई, प्राथमिक जांच में दम घुटने से मौत होने की आशंका जताई

जम्मू, जागरण संवाददाता। सैनिक कॉलोनी के रतनुचक्क में घर के बेड बॉक्स से मिले शव की पहचान हो गई है। पुलिस ने मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव का जीएमसी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि व्यक्ति की मौत दम घुटने से हुई है। अलबत्ता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। मृतक की पहचान हरजीत सिंह उर्फ सन्नी पुत्र भूपेंद्र सिंह निवासी कुंजवानी जो इन दिनों रतनुचक्क में रह रहा था, के रूप में हुई।

घर के मालिक पूर्व सैनिक संतोख सिंह ने पुलिस को बताया कि हरजीत सिंह उसकी गैर मौजूदगी में उसके घर आता था। इसको लेकर पत्नी सुमन से उसका झगड़ा होता था। हालांकि संतोख ने हरजीत सिंह की हत्या करने से इन्कार किया है। संतोख ने पुलिस को बताया कि 6 अक्टूबर की शाम को कुछ स्थानीय लोगों ने उसे फोन कर सूचित किया था कि उसके घर की दीवार फांद कर एक व्यक्ति को अंदर घुसते हुए देखा गया है। इस सूचना के आधार पर संतोख ने पुलिस को सूचित किया था। पुलिस भी उसके घर गई थी, लेकिन घर में घुसने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई थी।

इसके बाद दंपती में झगड़ा हुआ था। सुमन ने पति की शिकायत अपने माता-पिता से की थी और अगले दिन सुमन के मायकेवाले उसके घर पर भी आए थे। दंपती के दोनों बच्चे घटना के समय नानी के घर पर ही थे। वहीं, सैनिक कॉलोनी पुलिस संतोख के बयान की सच्चाई का पता लगाने में जुट गई है। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है कि संतोख ने शक के आधार पर हरजीत सिंह की हत्या तो नहीं की और शव को बाद में बिस्तर के अंदर छिपा दिया हो।

परिवार से अलग रहता था हरजीतः पुलिस के अनुसार हरजीत के सगे भाई ने बताया है कि वह परिवार से अलग रहता था। उसने परिवार को सूचित किए बिना किसी महिला से शादी रचा ली थी। इसको लेकर घर में झगड़ा भी हुआ था। उस महिला के साथ हरजीत किराये के मकान में रहने के लिए कुंजवानी से रतनूचक्क चला गया था।

सुसाइड नोट में व्यक्त की थी हत्या की आशंकाः मंगलवार को सुमन का शव फंदे से लटकता मिला था तो कमरे की जांच के दौरान पुलिस को सुसाइड नोट मिला था। उसमें महिला ने लिखा था कि उसका पति, ससुर व घर के अन्य सदस्य उसकी हत्या करने की फिराक में हैं। अलबत्ता सुसाइड नोट में महिला ने फंदा लगाने का जिक्र नहीं किया था। पुलिस ने सुसाइड नोट को जांच के लिए फोरेंसिक सांइस लेबोरेटरी में भेज दिया है।

chat bot
आपका साथी