राज्य की मांग पर लामबंद हुए संगठनों को भाजपा कड़े तेवर दिखाने की तैयारी में, 22 को लद्दाख दौरे पर जाएंगे अशोक काैल

क्षेत्र के राजनीतिक हालात का जायजा लेने के लिए जम्मू से 22 नवंबर को लेह जा रहे संगठन महामंत्री अशोक कौल भाजपा नेताओं से बैठकें कर आगे की रणनीति बनाएंगे। लामबंद हो रहे संगठनों के खिलाफ प्रदेश भारतीय जनता पार्टी भी कड़े तेवर दिखाने के लिए तैयार है।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Fri, 19 Nov 2021 07:46 PM (IST) Updated:Fri, 19 Nov 2021 07:46 PM (IST)
राज्य की मांग पर लामबंद हुए संगठनों को भाजपा कड़े तेवर दिखाने की तैयारी में, 22 को लद्दाख दौरे पर जाएंगे अशोक काैल
अशोक कौल लद्दाख भाजपा के नेताओं की राय लेने के लिए वह कुछ दिन लेह में प्रवास करेंगे।

जम्मू, राज्य ब्यूरो : केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को राज्य बनाने की मांग को लेकर क्षेत्र में लामबंद हो रहे संगठनों के खिलाफ प्रदेश भारतीय जनता पार्टी भी कड़े तेवर दिखाने के लिए तैयार है। लद्दाख को राज्य बनाने की मांग को लेकर लेह और कारगिल के संगठन इस समय एकजुट होकर भाजपा को अलग-थलग करने की कोशिश कर रहे हैं। क्षेत्र के राजनीतिक हालात का जायजा लेने के लिए जम्मू से 22 नवंबर को लेह जा रहे संगठन महामंत्री अशोक कौल भाजपा नेताओं से बैठकें कर आगे की रणनीति बनाएंगे।

कौल का कहना है कि इस मुद्दे पर लद्दाख भाजपा के नेताओं की राय लेने के लिए वह कुछ दिन लेह में प्रवास करेंगे। उन्होंने बताया कि बैठकों के बाद ही तय किया जाएगा कि इस मुद्दे पर अब आगे क्या कहना है। भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने लद्दाख की आकांक्षाएं पूरी करने के लिए इसे पहले जम्मू कश्मीर का तीसरा डिवीजन बनाया था। इसके बाद प्रदेश का पुनर्गठन कर लद्दाख का केंद्र शासित प्रदेश बनाने का अहम फैसला किया गया था। अब क्षेत्र को राज्य बनाने की मांग बुलंद होने से क्षेत्र में भाजपा का असहज होना स्वभाविक है।

ऐसे हालात में लद्दाख भाजपा की कारगिल इकाई ने राज्य की मांग बुलंद करने वाले संगठनों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। फिलहाल लेह भाजपा इस मामले में चुप है। भाजपा की कारगिल जिला इकाई का कहना है केंद्र सरकार ने आगे ही लद्दाख का बहुत कुछ दे दिया है। हारे हुए राजनीतिक दलों के नेता लोगों को गुमराह करने के प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश प्रवक्ता हसन पाशा का कहना है कि लद्दाख में तेज विकास से नाखुश कुछ नेता विवाद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

उनका कहना है कि लद्दाख एपेक्स बाडी के साथ इस मुद्दे पर मिल गई कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस वहीं संगठन है, जिसने अनुच्छेद 370 काे हटाने को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी थी। अब यह संगठन 370 हटाने का स्वागत कर लद्दाख को राज्य बनाने की मांग कर रहा है। राज्य बनाने की मांग को लेकर लद्दाख एपेक्स बाडी व कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस मिलकर आंदोलन चलाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने लद्दाख को राज्य बनाने की मांग को लेकर छह दिसंबर को क्षेत्र में बंद करने के साथ अगले मार्च से आंदोलन शुरू करने की तैयारी कर है।

chat bot
आपका साथी