Ladakh : जंस्कार की पहाड़ियों पर फंसी इजरायल की पर्यटक को वायुसेना ने बचाया, रात के अंधेरे में ही चलाया बचाव अभियान

तेज हवाओं के बावजूद उन्होंने चोटी पर फंसी महिला को बचा लिया। अभियान में लद्दाख आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से भी सहयोग दिया गया। पहाड़ की चोटी पर रात के अंधेरे में ही महिला पर्यटक को बचाने का अभियान चलाया गया। महिला कई घंटों तक वहां फंसी रही थी।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Fri, 01 Jul 2022 07:24 AM (IST) Updated:Fri, 01 Jul 2022 07:34 AM (IST)
Ladakh : जंस्कार की पहाड़ियों पर फंसी इजरायल की पर्यटक को वायुसेना ने बचाया, रात के अंधेरे में ही चलाया बचाव अभियान
महिला कई घंटों तक वहां फंसी रही थी। वायुसेना ने मेडिकल सहायता भी दी है।

जम्मू, राज्य ब्यूरो : लद्दाख में कारगिल जिले के जंस्कार की ऊंची पहाडिय़ों में फंसी इजरायल की महिला पर्यटक को भारतीय वायुसेना ने बुधवार की रात को सुरक्षित निकाल लिया है। वायुसेना ने इसके लिए अपने हेलीकाप्टर के साथ विशेष अभियान चलाया।

इजरायल की नीना कुपरमान मारखा जंस्कार के हंगकार गांव के निकट ऊंची चोटी पर ट्रैकिंग के लिए गई थी। इसी दौरान वह वहां पर फंस गई। उसे सांस लेने में दिक्कत आने लगी। इसके बारे में वायुसेना के अधिकारियों को सूचना मिली। इसके बाद लेह एयरफोर्स स्टेशन के हेलीकाप्टर के पायलट हरकत में आ गए।

तेज हवाओं के बावजूद उन्होंने चोटी पर फंसी महिला को बचा लिया। इस अभियान में लद्दाख आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से भी सहयोग दिया गया। पहाड़ की चोटी पर रात के अंधेरे में ही महिला पर्यटक को बचाने का अभियान चलाया गया। महिला कई घंटों तक वहां फंसी रही थी। वायुसेना ने मेडिकल सहायता भी दी है।

इजरायली महिला और उसके साथियों ने दुर्गम हालात में बचाव अभियान चलाने के लिए वायुसेना का आभार जताया है। गौरतलब है कि भारतीय वायुसेना के साथ भारतीय सेना भी लद्दाख प्रशासन के आग्रह पर मुसीबत में फंसे पर्यटकों व स्थानीय लोगों की मदद के लिए आगे आ जाती है। गत दिनों ही सेना ने लेह जिले में हुए सड़क हादसे का शिकार हो दो लोगों को अभियान चलाकर बचा लिया था।

आपको बता दें कि लद्दाख व जंस्कार की ऊंची पहाड़ियों पर ट्रैकिंग के लिए हर साल हजारों लोग आते हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में आक्सीजन की कमी की वजह से अकसर पर्यटक बीमार पड़ जाते हैं। ऐसे हालात पर काबू पाने के लिए लद्दाख प्रशासन ने गत माह पर्यटकों के लिए कुछ नए नियम अनिवार्य किए थे। लद्दाख आने वाले सभी पर्यटकों विशेषकर ट्रैकिंग के इच्छुक लोगों को अपनी यात्रा जारी रखने से पहले लेह में 48 घंटे के अनिवार्य अनुकूलन से गुजरना होगा। लद्दाख प्रशासन ने यह कदम पर्यटकों के बेहतर स्वास्थ्य व सुरक्षा के मद्देनजर उठाया है।

chat bot
आपका साथी