Jammu-Srinagar Highway: जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर 4500 वाहन फंसे, आज भी नहीं निकल पाएंगे

जम्मू कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जम्मू कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी दी है। जम्मू संभाग के पुंछ रामबन डोडा किश्तवाड़ और कश्मीर संभाग के अनंतनाग कुपवाड़ा बांडीपोरा और कुलगाम के ऊंचाई वाले इलाकों में खतरनाक हिमस्खलन की चेतावनी दी गई है।

By Edited By: Publish:Thu, 07 Jan 2021 06:54 AM (IST) Updated:Thu, 07 Jan 2021 07:57 AM (IST)
Jammu-Srinagar Highway: जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर 4500 वाहन फंसे, आज भी नहीं निकल पाएंगे
लोगों के पास खाने-पीने के सामान की भी किल्लत होने लगी है। सर्दी में ये ठिठुर रहे है।

राज्य ब्यूरो, जम्मू : चार दिन लगातार बारिश और हिमपात ने पूरे राज्य में जनजीवन प्रभावित किया है। एक दर्जन से अधिक जगहों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग चार दिन से बंद है। इस पर करीब 4500 छोटे-बडे़ वाहन फंसे हैं। आज वीरवार को भी यह बंद रहेगा। यानी रास्ते में फंसे वाहन चालकों को अभी और इंतजार करना होगा।

रामबन ट्रैफिक कंट्रोल रूम के अनुसार अगर वीरवार को मौसम साफ रहा और राजमार्ग से मलबा और पत्थर हटा लिए गए तो सबसे पहले फंसी गाड़ियों को ही निकाला जाएगा। अलबत्ता, राजमार्ग अभी खुलने के आसार बहुत ही कम हैं कि क्योंकि ऊधमपुर में भी भूस्खलन हुआ है और यहां से मलबा नहीं हटाया जा सका है। वहीं, कश्मीर की ओर जाने के इंतजार में साढे़ आठ हजार वाहन जम्मू में विभिन्न स्थानों पर खड़े हैं। इन लोगों के पास खाने-पीने के सामान की भी किल्लत होने लगी है। सर्दी में ये ठिठुर रहे है।

अधिकतर ट्रक चालक दूसरे राज्यों के है। कई वाहन तो उन इलाकों में खड़े है, जहां आसपास कोई दुकान नहीं है। उन्हे पीने के पानी की भी दिक्कत उठानी पड़ रही है। हाईवे को खोलने में सबसे बड़ी दिक्कत यह आ रही है कि मलबा हटाए जाने के बाद फिर से यह गिरने लगा है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि अब मौसम साफ होने लगा है, लेकिन धूप निकलने पर भी पहाड़ों पर दरारे आएंगी, जिससे भी भूस्खलन का खतरा बना रहेगा।

कई मकान ढहे: मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के कुरहामा में एक मकान ढह गया। मकान मोहम्मद भ˜ के परिवार के लोगों ने छत गिरते देख आननफानन में बाहर निकलकर जान बचाई। बड़गाम जिले के खाग इलाके में भारी बर्फबारी में दो मकान ढह गए। स्थानीय लोगों ने परिवार के सभी सदस्यों को बचा लिया। बारामुला जिले के उड़ी में तीन मकानों को नुकसान पहुंचा है। बिजली ढांचा क्षतिग्रस्त होने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। बिजली विकास विभाग इसे बहाल करने का काम लगातार कर रहा है।

आज परीक्षाएं स्थगित : कश्मीर विश्वविद्यालय के अंडर ग्रेजुएट की बुधवार की परीक्षा स्थगित रही। वहीं, स्नातक छठे सेमेस्टर और बीडीएस की सात जनवरी को होने वाली परीक्षा को भी स्थगित कर दिया गया है। नई तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी। कलस्टर विश्वविद्यालय श्रीनगर ने आठ जनवरी तक होने वाली परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है।

हिमस्खलन का खतरा, लोगों को सचेत रहने की सलाह: जम्मू कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जम्मू कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी दी है। जम्मू संभाग के पुंछ, रामबन, डोडा, किश्तवाड़ और कश्मीर संभाग के अनंतनाग, कुपवाड़ा, बांडीपोरा और कुलगाम के ऊंचाई वाले इलाकों में खतरनाक हिमस्खलन की चेतावनी दी गई है। राजौरी, ऊधमपुर, गांदरबल और रियासी में मध्यम स्तर के हिमस्खलन का खतरा है। इन इलाकों मे लोगों से एहतियात बरतने और संवदेनशील इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी गई है। घरों की छतों से बर्फ को हटाते रहना चाहिए।

chat bot
आपका साथी