अवैध निर्माणों पर गिरी निगम की गाज

जागरण संवाददाता, जम्मू : जम्मू नगर निगम ने शहर के विभिन्न इलाकों में अतिक्रमण विरोधी मुहिम चलाते हुए

By Edited By: Publish:Sat, 28 Nov 2015 02:08 AM (IST) Updated:Sat, 28 Nov 2015 02:08 AM (IST)
अवैध निर्माणों पर गिरी निगम की गाज

जागरण संवाददाता, जम्मू : जम्मू नगर निगम ने शहर के विभिन्न इलाकों में अतिक्रमण विरोधी मुहिम चलाते हुए कई निर्माण कार्य रोक दिए तथा कुछ को मौके पर ही तोड़ डाला। इसके अलावा सामान की भी जब्ती की गई। निगम आयुक्त मंदीप कौर के निर्देशों पर शुक्रवार को ज्वाइंट कमिश्नर आरएस जम्वाल ने शहर के गांधीनगर, त्रिकुटा नगर, सिद्धड़ा, पंजतीर्थी, दुर्गा नगर, लोअर रूपनगर, मुट्ठी क्षेत्र में अधिकारियों के साथ दौरा करते हुए अवैध निर्माणों के खिलाफ मुहिम चलाई। टीम ने गांधीनगर में सड़क किनारे अवैध तरीके से सीढि़यां बनाकर किए जा रहे अतिक्रमण को हटा दिया। छन्नी बिजा में निदीश अपार्टमेंट के नजदीक मंजूरी नक्शे के विपरीत बनाए जा रहे आरसीसी कालम तोड़ डाले। टीम ने लोअर रूपनगर में तीन अवैध निर्माणों को भी तोड़ा। इसके अलावा टीम ने सिद्धड़ा में मंजूरी प्लान के विपरीत बनाई जा रही सीढि़यों को भी गिरा तोड़ दिया। पंजतीर्थी के सर्कुलर रोड अवैध तरीके से बनाई जा रही सीढि़यों पर भी नगर निगम का हथौड़ा चला। इसके अलावा टीम ने त्रिकुटा नगर, दुर्गा नगर, मुट्ठी में भी अवैध निर्माण कार्यो को रुकवाया और सामान की जब्ती की। इस दौरान नगर निगम की टीम के साथ पुलिस भी थी। ज्वाइंट कमिश्नर आरएस जम्वाल ने शहर वासियों से अपील की कि वह किसी भी तरह का निर्माण करने से पूर्व इसकी अनुमति नगर निगम से हासिल करें। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण विरोधी मुहिम आगे भी जारी रहेगी।

chat bot
आपका साथी