भारतीय टीम ने पहले चरण के फाइनल का लिया बदला, बेल्जियम को 5-4 से हराया

भारत ने बेल्जियम को चार देशों के हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे चरण के मैच में 5-4 से हरा दिया।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Thu, 25 Jan 2018 06:37 PM (IST) Updated:Thu, 25 Jan 2018 06:37 PM (IST)
भारतीय टीम ने पहले चरण के फाइनल का लिया बदला, बेल्जियम को 5-4 से हराया
भारतीय टीम ने पहले चरण के फाइनल का लिया बदला, बेल्जियम को 5-4 से हराया

हैमिल्टन (न्यूजीलैंड), प्रेट्र। भारतीय हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व की तीसरे नंबर की टीम बेल्जियम को चार देशों के हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे चरण के मैच में 5-4 से हरा दिया।

भारत को पहले चरण के फाइनल में बेल्जियम ने 2-1 से हराया था। भारतीय टीम ने गुरुवार को उस हार का बदला चुकता करते हुए रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की। भारत के लिए रुपिंदर पाल सिंह (चौथा और 42वां मिनट), हरमनप्रीत सिंह (46वां मिनट), ललित उपाध्याय ( 53वां मिनट) और दिलप्रीत सिंह ( 59वां मिनट) ने गोल दागे।

वहीं, बेल्जियम के लिए जॉन डोमैन (17वां मिनट), फेलिक्स डेनायेर (37वां मिनट), अलेक्जेंडर हेंडरिक्स (45वां मिनट) और टॉम बून (56वां मिनट ) ने गोल किए। शोर्ड मारिन की भारतीय टीम ने अनुशासित शुरुआत की और बेल्जियम के खिलाफ गोल के शानदार मौके बनाए। इसका फायदा पहले पेनाल्टी कॉर्नर के रूप में मिला, जिसे रुपिंदर ने गोल में बदला।

दूसरे क्वार्टर में यूरोपीय टीम ने जॉन के गोल के दम पर वापसी की। इस क्वार्टर के हूटर से पहले भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन रुपिंदर इसे गोल में नहीं बदल सके। तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने आक्रामक हॉकी खेली। बेल्जियम के फेलिक्स ने गोल करके बढ़त हासिल कर ली। इसके कुछ मिनट बाद भारत ने पेनाल्टी कॉर्नर बनाया और रुपिंदर पिंदर ने दूसरा गोल करके भारत को 2 - 2 से बराबरी दिला दी। भारत ने तीसरे हूटर से कुछ सेकेंड पहले पेनाल्टी कॉर्नर गंवाया जिस पर हेंडरिक्स ने गोल दागा।

आखिरी क्वार्टर में दोनों टीमों ने जबर्दस्त आक्रामक हॉकी खेली। भारत को जवाबी हमले में पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन रुपिंदर की ड्रैग फ्लिक को बेल्जियम के गोलकीपर विंसेंट वानाश ने बचा लिया। फिर हरमनप्रीत ने गोल करके स्कोर 3-3 से बराबर किया। भारत को अगले मिनट फिर पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन गोल नहीं हो सका। इस बीच विवेक प्रसाद ने बेल्जियम के सर्कल में घुसकर ललित को पोस्ट के सामने गेंद सौंपी जिसे गोल में बदलने में उसने गलती नहीं की।

आखिरी सीटी बजने से पांच मिनट पहले भारत ने पेनाल्टी कॉर्नर गंवाया जिसे बून ने गोल में बदलकर बेल्जियम को फिर 4-4 से मैच में लौटाया। कुछ सेकेंड बाद रमनदीन सिंह ने मूव बनाया और दिलप्रीत को गेंद सौंपी, जिसने विजयी गोल दागा। भारत अगला मैच शनिवार को जापान से खेलेगी।

खेल की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी