आज थमेगा चुनाव प्रचार, अब घर-घर समर्थन जुटाएंगे प्रत्याशी

मनमोहन वशिष्ठ सोलन नगर निगम सोलन के चुनाव प्रचार का सोमवार को अंतिम दिन है। शाम पांच बजे चुन

By JagranEdited By: Publish:Sun, 04 Apr 2021 05:22 PM (IST) Updated:Sun, 04 Apr 2021 05:22 PM (IST)
आज थमेगा चुनाव प्रचार, अब घर-घर समर्थन जुटाएंगे प्रत्याशी
आज थमेगा चुनाव प्रचार, अब घर-घर समर्थन जुटाएंगे प्रत्याशी

मनमोहन वशिष्ठ, सोलन

नगर निगम सोलन के चुनाव प्रचार का सोमवार को अंतिम दिन है। शाम पांच बजे चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं सहित चुनाव में उतरे प्रत्याशी समर्थकों सहित जीत सुनिश्चित करने के लिए मैदान में डटे हुए हैं।

सोलन में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पहुंचेंगे। इस दौरान वह कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। अभी तक केवल चुनाव पर्यवेक्षक एवं सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा व कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर की ही जनसभाएं सोलन में हुई हैं। अब विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री, विधायक रामलाल ठाकुर व विनय कुमार भी प्रचार के लिए पहुंचे हुए हैं। वहीं भाजपा ने एक सप्ताह के भीतर सीएम जयराम ठाकुर को दो बार बुलाकर अलग-अलग वार्डो में सात चुनावी जनसभाएं करवा दी हैं। इसके अलावा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष से लेकर मंत्री व निगमों और बोर्डो के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष भी चुनाव प्रचार की कमान संभाले हुए हैं।

वहीं भाजपा की तरफ से नाहन के विधायक व सोलन के निगम चुनाव प्रभारी डा. राजीव बिदल, स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सैजल व मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा भी निगम चुनाव में पार्टी की जीत के लिए जिम्मा संभाले हुए हैं। दोनों बड़े दलों ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, अब सात अप्रैल को ही पता चलेगा कि जनता जनार्दन किस दल को निगम में सत्ता की चाबी सौंपती है। पुराना बस स्टैंड पर होगी वीरभद्र सिह की जनसभा

कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जनसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन रखी है। कांग्रेस मुख्यमंत्री की सात जनसभाओं का जवाब पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जनसभा से देना चाहती है। यह जनसभा सोमवार को दोपहर डेढ़ बजे पुराना बस स्टैंड पर होगी। इसमें वीरभद्र सिंह समेत कांग्रेस के कई बडे़ नेता पहुंचेंगे। कांग्रेस-भाजपा में सभी वार्डो में कड़ी टक्कर

सोलन नगर निगम के 17 वार्डो में 60 प्रत्याशी चुनावी रण में हैं। इसमें कांग्रेस, भाजपा व आम आदमी पार्टी के अलावा आजाद उम्मीदवारों ने भी अपनी दावेदारी जताई है। निर्दलीय व आप प्रत्याशी एक-दो वार्डो में ही मजबूत दिख रहे हैं। जबकि अन्य सभी वार्डो में कांग्रेस व भाजपा के प्रत्याशियों में ही मुख्य मुकाबला है। हर वार्डो में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। चुनाव के लिए अब दो दिन से भी कम का समय रह गया है और मतदाता भी अभी पूरी तरह खामोश हैं। अब गुपचुप होगा प्रचार

सोमवार शाम चुनाव प्रचार थमने के बाद चुनावी शोर थम जाएगा। हालांकि प्रत्याशी गुपचुप तरीके से इंटरनेट मीडिया पर भी प्रचार जारी रखेंगे। नगर निगम बनने के बाद सोलन का यह पहला चुनाव है और वह भी पार्टी चिह्न पर हो रहा है। इसलिए दोनों बड़े दलों का प्रचार लोगों को इस चुनाव में देखने को मिल रहा है। अभी तक चुनाव शोर था और अब इन दो दिन में मतदाताओं को लुभाने के लिए प्रत्याशी जोर-आजमाइश करेंगे। हालांकि अधिकांश मतदाताओं ने अब तक मन बना लिया होता है कि किसे अपना नेता चुनना है।

chat bot
आपका साथी